6 फरवरी को गुजरात उच्च न्यायालय का हीरक जयंती समारोह आयोजित किया गया। यह समारोह डिजिटल रूप से आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री एवं गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी भी शामिल हुए थे। 1 मई 1960 को री आर्गेनाइजेशन एक्ट 1960 के तहत मुंबई से अलग करके इसकी स्थापना हुई थी। दरअसल, गुजरात पहले मुंबई का ही हिस्सा था। गुजरात का उच्च न्यायालय राज्य की राजधानी अहमदाबाद में है। यहां के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी है। यहां भाजपा की सरकार है।
सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने घोषणा की कि आकाशवाणी संगीत सम्मेलन को अब पंडित भीमसेन जोशी संगीत सम्मेलन नाम से जाना जाएगा। पुणे में भारत रत्न पंडित भीमसेन जोशी के जन्म शताब्दी समारोह के अवसर पर आयोजित संगीत कार्यक्रम - अभिवादन के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे।
बंगलादेश फिल्म समारोह 2021 का तीसरा संस्करण कोलकाता में शुरू हुआ। बंगलादेश के सूचना मंत्री डॉ. हसन महमूद ने समारोह का उद्घाटन किया। पश्चिम बंगाल के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ब्रत्या बसु और विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंग्ला भी समारोह में शामिल हुए। पांच दिन तक चलने वाले इस समारोह में बंगलादेश की 32 फीचर फिल्में दिखाई जाएंगी। समारोह में सबसे पहले बंगलादेश की प्रधानमंत्री के जीवन पर आधारित फिल्म हसीना-अ डॉटर्स टेल दिखाई गई। यह फिल्म बंगलादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के जीवन पर आधारित है।
रूस ने जर्मनी, पोलैंड और स्वीडन के उन तीन राजनयिकों को निष्कासित कर दिया है जिन्होंने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सबसे बड़े आलोचक एलेक्सी नवेलनी की रिहाई की मांग के लिए आयोजित प्रदर्शनों में भाग लिया था। रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसने जर्मनी, पोलैंड और स्वीडन के दूतावासों में अपना औपचारिक विरोध दर्ज कराया है। इन देशों के प्रतिनिधियों ने कथित रूप से उन सार्वजनिक प्रदर्शनों में भाग लिया था जिनके कारण रूस में पिछले दो सप्ताह के दौरान हजारों लोग सड़कों पर उतर आये थे। दुनियाभर के नेताओं ने नवेलनी को मास्को की एक अदालत में सुनाई गई सजा की निंदा करते हुए उसकी रिहाई की मांग की है।
महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष नाना पटोले ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। प्रदेश कांग्रेस प्रमुख नियुक्त किये जाने की संभावना के बीच उन्होंने यह इस्तीफा दिया है। पटोले ने अपना इस्तीफा सभा उपाध्यक्ष नरहरि जिरवाल को सौंपा। विदर्भ क्षेत्र के पटोले पहले भारतीय जनता पार्टी में भी रह चुके हैं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण ने आरएस शर्मा को देश की प्रमुख सार्वजनिक स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है, जिसे प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना भी कहा जाता है।
'ऑक्सफोर्ड लैंग्विज' ने एक बयान जारी कर बताया कि भाषा विशेषज्ञों के एक पैनल ने 'आत्मनिर्भरता' शब्द को 2020 का हिंदी शब्द घोषित किया है। पिछले साल मोदी सरकार ने कोविड से उबरने के लिए आत्मनिर्भर भारत का मॉटो रखा था। PM मोदी ने कोरोना से अर्थव्यवस्था को उबारने के लिए 'आत्मनिर्भर भारत' का नारा दिया था।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2021 के लिए Union Budget Mobile App लॉन्च किया है। भारत सरकार के इस ऐप को गूगल ऐप स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। इस ऐप में 14 केन्द्रीय बजट दस्तावेज को शामिल किया गया है। इस बार का बजट डिजिटल मोड में जारी किया गया है।
वर्ष 2021-22 का आम बजट वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सदन में पेश करते हुए कहा कि लद्दाख के लेह में सेंट्रल यूनिवर्सिटी का निर्माण किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने लद्दाख में एक सेंट्रल यूनिवर्सिटी खोले जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग में 150 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करने वाले पहले क्रिकेटर बनकर इतिहास रच दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान धोनी की आईपीएल 2020 के रिटेंशन डे से पहले की कमाई 137 करोड़ से ज्यादा थी, लेकिन जिस पल से धोनी का कॉन्ट्रैक्ट बढ़ा, भारत के इस दिग्गज ने अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज कर लिया। धोनी 2008 से ही सीएसके की कप्तानी कर रहे हैं। उनका वेतन अब 15 करोड़ रुपये है। वह 2018 से इतनी रकम कमा रहे हैं। धोनी मूलत: झारखंड राज्य से आते है जो वर्ष 2000 के पहले बिहार राज्य का हिस्सा था।