एशिया का सबसे बड़ा एयरो शो आज से बंगलुरू में शुरू हो रहा है। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। कोविड महामारी को देखते हुए पहली बार इसे हाईब्रिड प्रारूप में आयोजित किया जा रहा है। मोदी सरकार के पिछले कार्यकाल में राजनाथ सिंह भारत के गृहमंत्री थे। बंगलुरू कर्नाटक की राजधानी है। यहां भाजपा की सरकार है। भाजपा का चुनाव चिन्ह कमल है।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ‘हर घर पानी, हर घर सफाई’ मिशन को लांच किया है। यह योजना मार्च 2022 तक सभी ग्रामीण घरों में 100% पाइप द्वारा पेयजल आपूर्ति प्रदान करने के सरकार के अभियान का एक हिस्सा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ‘मेगा सर्फेस वाटर सप्लाई स्कीम’ भी लांच की। पंजाब में कांग्रेस की सरकार हैं। कांग्रेस का चुनाव चिन्ह पंजा है।
वित्त वर्ष 2021-22 के लिए केंद्रीय बजट में देश में 100 नए सैनिक स्कूल खोलने का प्रस्ताव है। इन्हें गैर-सरकारी संस्थाओं, निजी और राज्य सरकार के स्वामित्व वाले स्कूलों की भागीदारी से खोला जाएगा। इस फैसले से इच्छुक स्कूलों और स्वयंसेवी संगठनों को सीबीएसई-प्लस प्रारूप वाले शिक्षण संस्थानों को तैयार करने का अवसर मिलेगा। ये स्कूल सैनिक स्कूलों की परम्पराओं, मूल्यों, अनुशासन और राष्ट्रीय गौरव को अपने स्कूलों में समाहित कर सकेंगे। सैनिक स्कूलों को स्थापित करने का उद्देश्य छात्रों को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में दाखिले के लिए शारीरिक, मानसिक और शैक्षिक रूप से तैयार करना तथा उनमें अच्छे और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए अच्छा आचरण और सोच विकसित करना है। मंत्रालय ने कहा कि इस समय देश में 33 सैनिक स्कूल चल रहे हैं। वर्ष 2021-22 के शैक्षणिक सत्र से इन सभी सैनिक स्कूलों में कक्षा छह में छात्राओं को भी प्रवेश लेने की अनुमति होगी।
तमिलनाडु ने अहमदाबाद के सरदार पटेल स्टेडियम में बड़ौदा को सात विकेट से हराकर सैयद मुश्ताक अली टी-ट्वेंटी ट्रॉफी जीत ली है। तमिलनाडु ने जीत के लिए 121 रन के जवाब में 18 ओवर में तीन विकेट पर ही लक्ष्य हासिल कर लिया। सलामी बल्लेबाज सी. हरि निशांत ने 35 और बी. अपराजित ने नाबाद 29 रन की पारी खेली। कप्तान दिनेश कार्तिक ने 22 रन का महत्वपूर्ण योगदान किया। इससे पहले बड़ौदा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर मात्र 120 रन बनाए। बाएं हाथ के स्पिनर एम. सिद्धार्थ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए बड़ौदा के शीर्ष खिलाड़ियों को आउट किया। उन्होंने चार विकेट लिए। बड़ौदा की ओर से विष्णु सोलंकी ने सबसे अधिक 49 रन बनाए।
केंद्रीय बजट 2021-22 में, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मेगा इन्वेस्टमेंट टेक्सटाइल्स पार्क (MITRA) की एक योजना की घोषणा की। यह योजना प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव योजना के अतिरिक्त शुरू की जाएगी। इसका उद्देश्य उद्योग को प्रतिस्पर्धात्मक बनाने में मदद करना, निवेश आकर्षित करना और रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है। इस योजना के तहत, 3 वर्षों में 7 टेक्सटाइल पार्क स्थापित किए जाएंगे।
उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने नई दिल्ली के दिल्ली हाट में राष्ट्रीय आदिवासी महोत्सव का उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम इस वर्ष 1 फरवरी से 15 फरवरी तक आयोजित किया जायेगा। ‘आदि महोत्सव’ एक राष्ट्रीय-स्तरीय जनजातीय उत्सव है और यह जनजातीय मामले मंत्रालय और भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास महासंघ की एक संयुक्त पहल है। यह कार्यक्रम देश की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करता है। यह 2017 से आयोजित किया जा रहा है।
मोदी सरकार ने केंद्रीय बजट में घोषणा की कि सभी सामाजिक सुरक्षा लाभों को अस्थाई और प्लेटफ़ॉर्म श्रमिकों तक बढ़ाया जाएगा। सभी श्रेणी के श्रमिकों के लिए न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित की जाएगी। उन सभी श्रमिकों को कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) द्वारा कवर किया जाएगा।
लेफ्टिनेंट जनरल सी.पी. मोहंती ने थल सेना के उप-प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण किया है। इस नियुक्ति से पहले वह दक्षिणी सेना के सेना कमांडर थे। सी.पी. मोहंती ने पूर्व उप-सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल सतिंदर कुमार सैनी का स्थान लिया है
अमरीका ने म्यांमार में सेना के सत्ता पर कब्जा करने और आंग सांग सू की समेत कई नेताओं को हिरासत में लिये जाने के बाद म्यांमार के खिलाफ प्रतिबंधों को फिर से लागू करने की चेतावनी दी है। राष्ट्रपति जो बाइडन ने म्यांमा के घटनाक्रम को लोकतंत्र और कानून के शासन पर सीधा हमला बताया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय का आह्वान किया है कि वह म्यांमार में सेना के सत्ता छोड़ने और राजनीतिक नेताओं की रिहाई के लिए दबाव बनाये।
जनवरी 2018 से दिसंबर 2020 के दौरान विदेशियों के खिलाफ कुल 40 हजार 735 लुक आउट सर्कुलर जारी किए गए थे। इनमें से 512 सर्कुलर उन विदेशियों के खिलाफ जारी किए गए जो ठहरने की अवधि के बाद भी देश में रह रहे थे। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2020 में विदेशियों के खिलाफ 2 हजार छह सौ 27 लुक आउट सर्कुलर जारी किए गए थे। भारत से प्रस्थान के समय इमिग्रेशन जांच चौकियों पर, जिन विदेशी नागरिकों के खिलाफ सर्कुलर जारी किए गए थे, उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही होने तक भारत छोड़ने की अनुमति नहीं थी।