नुएन युआन फुक वियतनाम के प्रधानमंत्री है। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वियतनाम के प्रधानमंत्री नुएन युआन फुक के साथ आज वर्चुअल माध्यम से चर्चा कर रहे हैं। अपने आरम्भिक संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वियतनाम भारत की एक्ट ईस्ट नीति का महत्वपूर्ण स्तंभ और हिंद-प्रशान्त दृष्टिकोण का प्रमुख सहयोगी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष दोनों देश संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्य बनेंगे और वैश्विक परिदृश्य में इससे सहयोग और सुदृढ़ होगा।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने भारत को अगले वर्ष होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। ब्रिटेन के विदेश मंत्री डोमनिक राब ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात कर यह पत्र सौंपा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। इस वर्ष जी-7 का विस्तार भी होने वाला है, जिसमें 10 लोकतांत्रिक देश शामिल होंगे और इसका नाम डी-10 कर दिया जाएगा।
शेख सबाह-अल-खालिद-अल अहमद-अल-सबाह को कुवैत का प्रधानमंत्री चुना गया है। ये कुवैत के पूर्व राजनयिक और राजनेता है। इसकी राजधानी कुवैत शहर एवं मुद्रा कुवैती दिनार है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा है कि विशेषज्ञों के परामर्श के बाद सरकार ने कोविड टीके को लगाने के लिए तीस करोड लोगों की प्राथमिकता तय की है। इनमें स्वास्थ्यकर्मी तथा पुलिस सेना और स्वच्छताकर्मी जैसे अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ता शामिल हैं।
पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने आज भारत में तेंदुओं की 2018 की स्थिति के बारे में आज एक रिपोर्ट जारी की। और कहा कि इस समय देश में 12 हजार आठ सौ बावन तेंदुए मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि 2014 के अनुमानों की तुलना में देश में तेंदुओं की संख्या में 60 प्रतिशत वृद्धि हुई है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा का 93 साल की उम्र में निधन हो गया है। मोतीलाल वोरा पत्रकारिता से सियासत में आए थे। मार्च 1985 से फरवरी 1988 तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। 1993 में ये उत्तर प्रदेश के गवर्नर रहें।
पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने हाल ही मे देश के आठवें तेल और गैस उत्पादन संयंत्र का उद्घाटन पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के अशोकनगर में किया है। तेल और प्राकृतिक गैस निगम ने अशोकनगर में 2016 में खनिज तेल और प्राकृतिक गैस का पता लगाया था। यहां से निकाला गया कच्चा तेल टैंकरों द्वारा हल्दिया तेल शोधन संयंत्र तक ले जाया जायेगा। इसके अलावा, यहां प्राकृतिक गैस का भी उत्पादन किया होगा। तेल और प्राकृतिक गैस निगम ओएनजीसी पिछले 60 वर्षों से गंगा घाटी में तेल और गैस की खोज कर रहा था।
नेपाल की राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली के मंत्रिमंडल की सिफारिश पर संसद को भंग कर दिया है। राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में बताया है कि संसदीय चुनाव अगले वर्ष 30 अप्रैल और 10 मई को होंगे। यह निर्धारित समय से लगभग एक वर्ष पहले होंगे।
आयुष उत्पादों के निर्यात को बढावा देने के लिए वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय तथा आयुष मंत्रालय ने एक निर्यात संवर्द्धन परिषद के गठन का निर्णय लिया है। उद्योग और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल तथा आयुष मंत्री श्रीपद नाईक ने शुक्रवार को आयुष व्यापार और उद्योग की संयुक्त समीक्षा के बाद यह फैसला लिया।
खेल मंत्रालय ने अगले वर्ष खेलो इंडिया में चार स्वदेशी खेलों को भी शामिल करने की मंजूरी दी है। हरियाणा में होने वाले इन खेलों में गटका, कलरी-पयट्टू, तांग-टा और मलखम्ब की स्पर्धाएं भी होंगी। खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि देश में स्वदेशी खेलों की समृद्ध विरासत है और खेल मंत्रालय इन खेलों के संरक्षण, प्रोत्साहन और लोकप्रियता को प्राथमिकता दे रहा है। कलरी-पयट्टू केरल का खेल है जो दुनियाभर में खेला जाता है। मलखम्ब भी देशभर में लोकप्रिय है लेकिन मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में यह ज्यादा प्रसिद्ध है। गटका मूल रूप से पंजाब का खेल है जो निहंग सिख योद्धाओं की पारंपरिक युद्ध शैली है और खेल के साथ-साथ आत्मरक्षा के रूप में उपयोग किया जाता है। तांग-टा मणिपुर का मार्शल आर्ट है जिसे हाल के दशकों में भुला दिया गया लेकिन खेलो इंडिया से इस स्पर्धा को राष्ट्रीय पहचान मिलेगी।