बिहार में, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को नव निर्वाचित 17वीं विधानसभा में प्रो-टेम स्पीकर नियुक्त किया गया है। राज्यपाल फागू चौहान ने आज राजभवन में आयोजित एक समारोह में इन्हें पद की शपथ दिलाई। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा पार्टी के अध्यक्ष 74 वर्षीय जीतन राम मांझी विधानसभा के लिए नव-निर्वाचित वरिष्ठतम सदस्यों में से एक हैं। वे गया जिले के इमामगंज विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीत कर आए हैं। ये 23 नवम्बर से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र के दौरान 23 और 24 तारीख को नव-निर्वाचित विधायकों को विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ दिलाएंगे।
बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में गठित राज्य सरकार में शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी ने विपक्षी दलों के भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच अपने पद से आज इस्तीफा दे दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सलाह पर राज्यपाल फागू चौहान ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी को शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
अमेरिकी संघीय उड्डयन प्रशासन बोइंग 37 मैक्स को फिर से उड़ान के लिए मंजूरी दे रहा है। लगभग दो वर्ष पहले दुर्घटनाओं को देखते हुए इन विमानों की उडान पर रोक लगा दी गई थी। सुरक्षा एजेंसी एफएए ने घोषणा की थी कि वह 20 महीने की व्यापक समीक्षा प्रक्रिया के बाद इन विमानों को उडान की अनुमति दे रही है।
वंदेभारत अभियान के आठवें चरण में 24 देशों से 763 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें संचालित की गई हैं। यह उड़ानें देशभर में 21 हवाई अड्डों पर पहुंची हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि इस चरण में एक लाख 40 हजार लोग स्वदेश लौटे हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत आज तक कुल तीस लाख 90 हजार भारतीय स्वदेश लाए गए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन आज सुबह जापान पहुंचे। इस दौरे में वे जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा से मिलेंगे। दोनों नेताओं की बैठक ऐतिहासिक सैन्य समझौता मुख्य एजेंडा होगा। दक्षिण चीन सागर और प्रशांत महाद्वीप के देशों पर चीन के प्रभाव का मुकाबला करने के उद्देश्य से दोनों देश यह समझौता कर रहे हैं। इसके तहत ऑस्ट्रेलिया और जापान की सेनाएं एक-दूसरे के देशों में सैन्य अभ्यास करेंगी। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री का जापान दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब आज से चीन से दक्षिण चीन सागर में सैन्य अभ्यास शुरू करने की घोषणा की है
केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने आज एक डाक टिकट-माई स्टैंप ऑन छठ पूजा जारी की केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने आज एक डाक टिकट-माई स्टैंप ऑन छठ पूजा जारी की। छठ पूजा पर माई स्टेम्प देशभर के प्रमुख डाकघरों और टिकट संग्रहालयों में उपलब्ध है। एक विशेष लिफाफा भी जारी किया गया है। जिसका विषय है छठ-सादगी और स्वच्छता का प्रतीक।
निजी क्षेत्र के लक्ष्मी विलास बैंक लिमिटेड की गिरती वित्तीय हालात को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक-आर.बी.आई. ने इस बैंक के कामकाज पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है आरबीआई ने बताया कि जमाकर्ताओं के हितों की रक्षा के लिए यह रोक लगाई गई है जो तीस दिन तक लागू रहेगी। आरबीआई ने इस बैंक से धन निकालने की सीमा 25 हजार तक सीमित कर दी है। आरबीआई के अनुसार लक्ष्मी विलास बैंक की वित्तीय हालात निरंतर गिर रही है और पिछले तीन साल से यह घाटे में चल रहा है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के तीन वर्ष के कार्यकाल के दौरान उनके चुनिन्दा भाषणों के संग्रह की पुस्तकों का विमोचन किया। ये पुस्तकें हैं - द रिपब्लिकन एथिक-संस्करण-3 और लोकतंत्र के स्वर। सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने इन पुस्तकों के ई-संस्करणों का विमोचन किया।
आज पूर्व प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी को उनकी 103वीं जयंती पर याद कर रहा है। इनकी समाधि शक्ति स्थल पर जाकर भी श्रद्धांजलि दी गई।
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस 2016 से धन्वंतरि जयंती के एक ही दिन मनाया जाता है। इस वर्ष यह दिवस 13 नवंबर को मनाया गया। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस इस बार ‘कोविड-19 के लिए आयुर्वेद’ की थीम पर मनाया गया।