विदेश व्यापार महानिदेशालय आलू के आयात संबंधी अधिसूचना जारी की है। इसमें कहा गया है कि लाइसेंस के बिना आलू का आयात 31 जनवरी, 2021 तक किया जा सकता है। वर्तमान की आलू की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण करने के लिए ऐसा किया गया है।
भारत और अमेरिका पहली ऐसी रडार इमेजिंग सैटेलाइट तैयार कर रहे है जो एक ही साथ 2 फ्रीक्वेंसी का इस्तेमाल करेगी। यह दुनिया की सबसे महंगी अर्थ इमेजिंग सैटेलाइट भी होगी। इसके भारत के इसरो और अमेरिका की नासा के बीच 2014 में समझौता हुआ था। इससे विश्व के चप्पे—चप्पे पर नजर रखी जा सकेगी।
खरीफ मौसम 2020-21 में धान की खरीद दो करोड टन के आंकडे को पार कर गई है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, तमिलनाडु, चण्डीगढ, जम्मू-कश्मीर, केरल और गुजरात में दो करोड चार लाख उनसठ हजार टन धान की खरीद की गई। पिछले साल इसी अवधि में एक करोड अडसठ लाख सत्तासी हजार टन धान की खरीद की गई थी। पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष धान खरीद में 21 दशमलव एक छह प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
4 वर्षीय बालिका एस्थर हेमटे के राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् के आधुनिक संस्करण मां तुझे सलाम के गायन पर पूरे भारत में प्रशंसा हो रही है। इंटरनेट पर छाई इस बालिका ने प्रख्यात संगीतकार ए आर रहमान के साथ आधुनिक शैली में मां तुझे सलाम-वन्दे मातरम् गाया है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट में कहा है कि प्रशंसनीय और सराहनीय। एस्थर हेमटे की इस प्रतिभा पर गर्व है।
वर्ष 2020 के अक्टूबर माह में कुल वस्तु और सेवा कर-जीएसटी से राजस्व संग्रह 1 लाख 5 पांच हजार 1 सौ 55 करोड़ रुपये रहा। वित्त मंत्रालय के अनुसार इसमें 19 हजार एक सौ 93 करोड़ रुपये सीजीएसटी, 25 हजार चार सौ 11 करोड़ रुपये एसजीएसटी, 52 हजार पांच सौ 40 करोड़ रुपये आईजीएसटी और 8 हजार 11 करोड़ रुपये उपकर से प्राप्त हुए हैं। इस महीने कुल 80 लाख जीएसटीआर-3बी रिटर्न फाइल किए गए हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने महिला आईपीएल-2020 टी20 चैलेंज के संबंध में कहा है कि महिलाओं के इस लीग को जियो के रूप में टाइटल स्पॉन्सर मिल गया है। भारतीय महिला लीग के लिए यह ऐतिहासिक फैसला है, क्योंकि इसे पहली बार कोई ऑफिशल स्पॉन्सर मिला है। बीसीसीआई के अनुसार, महिला टी-20 चैलेंज का टाइटल स्पॉन्सर रिलायंस फाउंडेशन एजुकेशन ऐंड स्पोर्ट्स की पार्टनरशिप में जियो होगा। यह एक ऐतिहासिक साझेदारी है। पहली बार इस टूर्नमेंट को टाइटल स्पॉन्सर मिला है। बीसीसीआई ने हाल ही में महिला टी-20 चैलेंजज का शेड्यूल जारी किया था।
तमिलनाडु के कृषि मंत्री आर दुरईकन्नु का हाल ही में निधन हो गया है। ये कोविड से संक्रमित थे।
1 नवंबर 2020 को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल के साथ केन्द्रशासित प्रदेश अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप और पुदुच्चेरी की स्थापना दिवस मनाया गया है।
ईंधन सेल श्रेणी के सस्ते हाइड्रोजन के उत्पादन के लिए बेंगलुरू स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान और भारतीय तेल निगम ने एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। दोनों संस्थान बायोमास गैस आधारित हाइड्रोजन उत्पादन तकनीक का फरीदाबाद स्थित इंडियन ऑयल के अनुसंधान और विकास केन्द्र में कार्य करेंगे। यह तकनीक इंडियन ऑयल द्वारा प्रस्तावित ईंधन सेल चालित बसों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे हाइड्रोजन के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। निगम ने हाल ही में हाइड्रोजन-सीएनजी ईंधन से चलने वाली 50 बसें दिल्ली में प्रयोग के बाद उतारी हैं।
पूरे भारत में 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस बार उनकी 145वीं जयंती मनाई गई। देश के 500 से अधिक देशी रियासतों के एकीकरण में उनका मुख्य योगदान था।