अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रूस से तेल, गैस और कोयले के आयात पर प्रतिबंध लगा दी है। अमेरिका ने रूस के यूक्रेन पर आक्रमण (Russia Attack On Ukraine) के बीच उसकी अर्थव्यवस्था पर कड़ा प्रहार करने के लिए ये फैसला किया है। अमेरिका समेत यूरोप के कई देश पहले ही उस पर कड़े आर्थिक बैन लगा चुके हैं। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध कई दिनों से जारी है। अब तक इस युद्ध में बड़ी संख्या में लोगों ने जान गंवाई है।
ईरान ने पृथ्वी की निचली कक्षा में अपना दूसरा उपग्रह नूर-2 प्रक्षेपित किया है। नूर का मतलब फारसी में ‘रोशनी’ है। ईरानी सेना ने अपना पहला ‘नूर’ उपग्रह 2020 में प्रक्षेपित किया था। इस प्रक्षेपण से ही दुनिया को उसके अंतरिक्ष कार्यक्रम की जानकारी मिली थी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के सशक्तीकरण में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 29 महिलाओं को 2020 और 2021 के लिए नारी शक्ति पुरस्कार प्रदान किया। राष्ट्रपति ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली 29 महिलाओं को 28 पुरस्कार प्रदान किए। इनमें 2020 के लिए 14 पुरस्कार और 2021 के लिए 14 पुरस्कार शामिल हैं। नारी शक्ति पुरस्कार व्यक्तियों और संस्थानों द्वारा किए जाने वाले उल्लेखनीय योगदान के लिए मान्यतास्वरूप महिला और बाल विकास मंत्रालय की पहल के तहत प्रदान किए जाते हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर त्रिपुरा में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विप्लब देव ने राजनीतिक हिंसा पर पूर्ण विराम लगाने का काम किया है। साथ ही त्रिपुरा में जघन्य अपराधों में 30 प्रतिशत की कमी आई है और दोषसिद्धि की दर पांच प्रतिशत से बढ़कर 53 प्रतिशत हो गई है।
फाइनेंशियल ऐक्शन टास्क फोर्स (FATF) ने इस बार की बैठक में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को भी ग्रे लिस्ट में शामिल किया है। एफएटीएफ का मानना है कि यूएई ने अपराधियों और आतंकवादियों को अपने यहां धन छिपाने से रोकने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठा रहा है। एफएटीएफ की ग्रे लिस्ट में इस सूची में पश्चिम एशिया के ही तीन और देश जॉर्डन, सीरिया और यमन शामिल हैं।
नो स्मोकिंग डे (No Smoking Day) हर साल मार्च महीने के दूसरे बुधवार को मनाया जाता है। इस साल नो स्मोकिंग डे (No Smoking Day 2022) 9 मार्च को मनाया गया। यह दिवस देश-दुनिया और समाज में धूम्रपान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य सिगरेट एवं अन्य साधनों के माध्यम से तंबाकू के सेवन के हानिकारक स्वास्थ्य प्रभावों के बारे में जागरूकता फैलाना है। इस दिवस को पहली बार साल 1984 में मनाया गया था।
असम में मानस नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व में गैंडों और बाघों की आबादी में तेज वृद्धि देखी गई है। राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारियों को उम्मीद है कि 2021 की जनगणना के अनुसार बाघों की आबादी 48 से बढ़कर 60 से अधिक हो जाएगी। साल 2010 में इस पार्क की बाघों की आबादी 10 दर्ज की गई थी जबकि 2020 में यह बढ़कर 30 हो गई थी।
हरियाणा सरकार ने वित्त वर्ष 2022-23 के लिए 1.77 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया। पिछले वित्त वर्ष में हरियाणा सरकार ने 1.53 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। इसके साथ ही खट्टर ने महिलाओं को उद्यमी बनने में प्रोत्साहन देने के लिए हरियाणा मातृशक्ति उद्यमिता योजना (Haryana Matrushakti Udyamita) की घोषणा की। उन्होंने राज्य के विधानसभा में अपना तीसरा बजट पेश किया।
दिल्ली सरकार ने प्रीमियर लीग प्राइमरी स्टार्स परियोजना के तहत खेल, शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ब्रिटिश काउंसिल के साथ साझेदारी की है। ये प्रोजेक्ट एजुकेशनल डेवलपमेंट के लिए फुटबॉल के बेस्ट प्रैक्टिसेज की समझ बढ़ाने के साथ स्कूल के कोचों और टीचर्स को प्रशिक्षित करता है। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य दिल्ली के युवाओं के लिए वैश्विक अवसर पैदा करना है।
फिलिस्तीन में भारत के राजदूत मुकुल आर्य का निधन हो गया है। साल 2008 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी मुकुल आर्य काबुल और मॉस्को के भारतीय दूतावास में भी सेवाएं दे चुके थे। वे पेरिस में यूनेस्को के लिए भारत के स्थायी प्रतिनिधिमंडल में भी सेवाएं दे चुके थे। उन्होंने नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के मुख्यालय में भी कार्य किया था। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी और जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र की पढ़ाई की थी।