हाल ही में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने वात्सल्य योजना (Vatsalya Yojana) की घोषणा की। इस योजना की घोषणा कोविड -19 के कारण अपने माता-पिता को खो चुके अनाथ बच्चों के लिए की गयी है। इस योजना के तहत उत्तराखंड सरकार 21 वर्ष की आयु तक इन बच्चों के भरण-पोषण, शिक्षा एवं रोजगार हेतु प्रशिक्षण की व्यवस्था करेगी।
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने उत्तर कोरिया के लिए विशेष दूत के नियुक्ति का ऐलान किया. राष्ट्रपति बाइडन ने दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति मून जे इन के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि मुझे यह ऐलान करते हुए खुशी हो रही है कि राजनयिक सुंग किम (Ambassador Sung Kim) अब उत्तर कोरिया में अमेरिका के विशेष दूत होंगे।
हरियाणा सरकार ने कोरोना मरीजों के लिए उमंग के बाद अब संजीवनी परियोजना शुरू की। इस परियोजना हल्के और मध्यम लक्षणों वाले कोरोना मरीजों की देखभाल तथा उन्हें उनके घरों पर ही इलाज की सुविधा मुहैया कराया जाएगा। ‘संजीवनी परियोजना’ उन ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा देखभाल का विस्तार करेगी, जहां वायरस की दूसरी लहर के फैलने और इस बीमारी के इलाज के बारे में जागरूकता कम है।
एशिया कप 2021 के आयोजन को दो साल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इसकी जानकारी एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) ने दी। एसीसी के मुताबिक, एशिया कप 2021 का आयोजन 2023 में होगा। एशियाई क्रिकेट परिषद ने कहा कि टूर्नामेंट के इस सत्र का आयोजन 2023 में कराना ही सही होगा क्योंकि 2022 में पहले ही एशिया कप का आयोजन होना है।
परमाणु ऊर्जा आयोग के पूर्व अध्यक्ष श्रीकुमार बनर्जी का 23 मई 2021 को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे साल 2012 में परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष और परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए थे। श्रीकुमार बनर्जी का काम भौतिक धातु विज्ञान और धातु विज्ञान पर आधारित था। उन्हें कई पुरस्कारों से नवाजा गया। उन्हें अपने करियर में कई पुरस्कार मिले, इनमें साल 2005 में पद्मश्री और साल 1989 में शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार शामिल हैं।
भारत के नरिंदर बत्रा को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के अध्यक्ष पद पर दोबारा चुना गया है। हॉकी की वैश्विक संस्था एफआईएच की 47वीं कांग्रेस के दौरान बत्रा को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए चुना गया। भारतीय ओलिंपिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति (आईओसी) के सदस्य बत्रा ने अपने प्रतिद्वंद्वी बेल्जियम हॉकी महासंघ के प्रमुख मार्क कोड्रोन को कड़े मुकाबले में दो वोट से हराया।
प्रतिवर्ष 22 मई को अंतरराष्ट्रीय जैव-विविधता दिवस मनाया जाता है। इसे 'विश्व जैव-विविधता संरक्षण दिवस' भी कहते हैं। इसका प्रारंभ संयुक्त राष्ट्र संघ ने किया था। हमारे जीवन में जैव-विविधता का काफी महत्व है। यह हर साल 22 मई को दुनियाभर में एक साथ मनाया जाता है। इसे सबसे पहले साल 1993 में मनाया गया था। उस समय यह 29 दिसंबर को मनाया गया था। इसके बाद साल 2001 से यह हर साल 22 मई को मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को जैव विविधता के प्रति जागरूक करना है।
मैक्स वेरस्टैपेन ने 23 मई 2021 को मोनाको ग्रां प्री में दबदबा बनाकर पहली जीत दर्ज की। इसके साथ ही उन्होंने अपने करियर में पहली बार फार्मूला वन चैंपियनशिप दौड़ में शीर्ष स्थान हासिल किया। रेड बुल के वेरस्टैपेन ने इस जीत के साथ 25 अंक हासिल किए और चैंपियनशिप तालिका में उन्होंने सात बार के फार्मूला वन चैंपियन लुईस हैमिल्टन पर चार अंक की बढ़त बना ली है। वेरस्टैपेन की सत्र की यह दूसरी और करियर की 12वीं जीत है।
देश भर में शकरकंद के उत्पादन में ओडिशा सबसे आगे है। हाल ही में किसानों के एक समूह ने गर्मियों में बैंगनी शकरकंद की सफलतापूर्वक खेती की है, जो सितंबर और मार्च में काटी जाने वाली सर्दियों की फसल है। केंद्रीय कंद फसल अनुसंधान संस्थान (Central Tuber Crops Research Institute) के अनुसार, बैंगनी शकरकंद में प्रति सौ ग्राम 90 मिलीग्राम की उच्च एंथोसायनिन सामग्री होती है।
अमेरिका के ट्रेजरी विभाग ने हाल ही में घोषणा की कि अंतरराष्ट्रीय निगमों को अपनी कमाई पर कम से कम 15 प्रतिशत कर का भुगतान करना चाहिए। विभाग ने घोषणा की कि 15 प्रतिशत न्यूनतम दर है और यह इस दर को और अधिक बढ़ाने के लिए चर्चा जारी रखेगा। अमेरिकी कंपनियां वर्तमान में 21 प्रतिशत कर की दर का भुगतान करती हैं जिसे पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा 35 प्रतिशत से नीचे लाया गया था। राष्ट्रपति जो बाईडेन ने कर की दर को बढ़ाकर 28 प्रतिशत करने का प्रस्ताव रखा था।