2022 एशियाई खेलों के आधिकारिक शुभंकर चीन में एक डिजिटल लॉन्च समारोह में जारी किए गए। कांग्कोंग, लियानलियन और चेनचेन को 19वें एशियाई खेलों के शुभंकर के रूप में नामित किया गया है। इन खेलों का आयोजन चीन के हांगझोऊ में किया जाएगा।
COVID-19 महामारी पर काबू पाने के लिए समाधान खोजने के लिए ‘हैक द क्राइसिस- इंडिया’ नामक हैकथॉन लॉन्च की गई है। इस हैकथॉन का आयोजन ‘हैक ए कॉज – इंडिया’ और ‘फिक्की लेडीज ऑर्गेनाइजेशन पुणे’ द्वारा किया जा रहा है। यह इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा समर्थित है। इस हैकथॉन में 48 घंटे में 2,000 से अधिक टीमें और 15,000 प्रतिभागी भाग लेंगे।
भारत के गैर-लाभकारी संगठन ARMMAN को सामाजिक उद्यमिता के लिए प्रतिष्ठित स्कोल अवार्ड से सम्मानित किया गया है। भारत में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान के लिए इस NGO का चयन किया गया है। यह उन पांच संगठनों में से एक है, जिन्होंने इस पुरस्कार को जीता है। यह एशिया और अफ्रीका से चुना गया एकमात्र NGO है। यह NGO भारत सरकार के साथ साझेदारी में मोबाइल स्वास्थ्य कार्यक्रमों को लागू कर रहा है।
फिच रेटिंग्स ने भारत के वित्त वर्ष 2020-21 के लिए भारत की विकास दर के अनुमान को 2% कर दिया है। पहले फिच रेटिंग्स ने वित्त वर्ष 2020-21 में विकास दर 5.1% रहने का अनुमान लगाया था। इसका मुख्य कारण कोरोनावायरस प्रकोप के कारण धीमी आर्थिक गतिविधियां हैं।
भारतीय वायु सेना के हरक्यूलिस विमान ने COVID 19 से निबटने के लिए सहायता के रूप में मालदीव को लगभग 6.2 टन आवश्यक दवाएं मुहैया करायी हैं। ये दवाएं विभिन्न शहरों से पड़ोसी देश में पहुंचाने के लिए खरीदी गई थीं। भारत ने इससे पहले भी एक चिकित्सा दल को आवश्यक दवाओं के साथ मालदीव भेजा है। मालदीव ज्यादातर भारत से आयात पर निर्भर है, इसलिए आवश्यक खाद्य अनाज और उपभोग्य सामग्रियों की आपूर्ति भी मालदीव को की गई है।
अमेरिकी विदेशी मंत्रालय के अनुसार ईरान को परमाणु हथियार रखने की अनुमति कभी नहीं दी जाएगी। प्रतिबंधों का मुख्य उद्देश्य ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकना है। इसके साथ ही तेहरान के लिए न्यूक्लियर हथियार बनाना मुश्किल होगा। अमेरिका ने साल 2018 में ईरान न्यूक्लियर डील रद्द करके प्रतिबंध लगा दिए थे। अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से तनाव का माहौल है। अमेरिका ने बीते दिनों एक मिसाइल हमले में ईरान के बड़े कमांडर को मार गिराया था, जिसके बाद दोनों ओर से हथियारों का इस्तेमाल हुआ।
देशभर में लॉकडाउन की घोषणा के बाद सरकार गरीब महिलाओं के जनधन खाते में हर महीने 500 रुपये डालेगी। सरकार की तरफ यह मदद की रकम तीन महीने तक दी जाएगी। सरकार द्वारा प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत जीरो बैलेंस पर बचत खाते खोले गए हैं। इन खातों में ही यह राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत दी जाएगी।
कर्नाटक राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार कावेरी तथा उसकी सहायक नदियों के जल की गुणवत्ता में इतना अधिक सुधार देखा गया है कि इस प्रकार की जल गुणवत्ता इन नदियों में दशकों पूर्व पाई जाती थी। लॉकडाउन के दौरान औद्योगिक और धार्मिक गतिविधियों पर रोक से नदियों में प्रदूषण के स्तर को कम करने में मदद मिली है।
फुटबॉल के अंतरराष्ट्रीय नियंत्रण निकाय ने कोरोना वायरस महामारी के कारण भारत में नवंबर में होने वाला फीफा अंडर-17 महिला विश्वकप स्थगित करने का फैसला किया है। यह टूर्नामेंट पांच शहरों कोलकाता, गुवाहाटी, भुवनेश्वर, अहमदाबाद और नवी मुंबई में दो नवंबर से 21 नवंबर के बीच होना था। टूर्नामेंट में 16 टीमें भाग लेने वाली थीं, जिसमें मेजबान होने के नाते भारत को स्वत: प्रवेश मिला था। अंडर—17 महिला विश्व कप में भाग लेने का भारत का पहला मौका था।
कोरोना वायरस महामारी के केंद्र में रहे चीन में अगले साल नवंबर 2021 में तीसरे एशियाई युवा खेल होंगे। इसकी घोषणा एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) के महानिदेशक हुसैन अल मुसल्लम ने एक पत्र के माध्यम से की है। ओसीए ने एशियाई युवा खेल 20 नवंबर से 28 नवंबर 2021 तक कराने का फैसला किया है। पहले खेल साल 2011 में सिंगापुर और दूसरे खेल साल 2013 में नानजिंग में हुए थे। श्रीलंका में साल 2017 में होने वाले खेल टाल दिये गए थे।