भारतीय प्राणी सर्वेक्षण ने पहली बार गुजरात में आयोजित सम्मेलन (COP 13) से पहले प्रवासी प्रजातियों के संरक्षण पर अभिसमय के तहत भारत की प्रवासी प्रजातियों की सूची तैयार की थी। विश्व स्तर पर 650 से अधिक प्रजातियों को प्रवासी प्रजातियों के संरक्षण पर अभिसमय के परिशिष्ट में सूचीबद्ध किया गया है और 450 से अधिक प्रजातियों के साथ भारत, उनके संरक्षण में अति महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
भारत सरकार ने राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य को इको-सेंसिटिव जोन घोषित किया है। इस अभ्यारण्य में गंगा डॉल्फिन और गंभीर रूप से लुप्तप्राय घड़ियाल पाये जाते हैं। इस प्रजाति के लगभग 75 प्रतिशत घड़ियाल इस अभ्यारण्य में पाये जाते हैं। यह इनका प्राकृतिक आवास माना जाता है। इको-सेंसिटिव जोन घोषित होने पर यहां किसी प्रकार की कॉमर्शियल गतिविधि नहीं की जाएगी।
श्रीलंका में 2 मार्च 2020 को पूर्व प्रधानमंत्री सजित प्रेमदासा के नेतृत्व में एक नये राजनीतिक गठबंधन की घोषणा की गयी है। यूनाईटेड पीपुल फोर्स नामक इस गठबंधन में पांच राजनीतिक दल और दस अन्य संगठन शामिल किए गए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री रनिल विक्रमसिंघे की यूनाईटेड नेशनल पार्टी इस संगठन का हिस्सा है। गठबंधन की घोषणा करते हुए प्रेमदासा ने कहा कि यह गठबंधन देश के इतिहास में एक नयी क्रांति लायेगा।
विश्व वन्यजीव दिवस के रूप में नामित करने का मुख्य उद्देश्य दुनिया के वन्य जीवों एवं वनस्पतियों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 20 दिसंबर, 2013 को 68वें सत्र में 3 मार्च को विश्व वन्यजीव दिवस घोषित किया था। 3 मार्च को विलुप्तप्राय वन्यजीव और वनस्पति के व्यापार पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को स्वीकृत किया गया था।
न्यूजीलैंड के पेसर टिम साउथी भारत के कप्तान विराट कोहली को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 बार आउट करने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। टिम साउथी ने कोहली को 3 बार टेस्ट में, 6 बार वनडे में और 1 बार टी-20 अंतरराष्ट्रीय में आउट किया है। गौरतलब है कि दूसरे टेस्ट के पहले दिन कोहली 3 रन पर आउट हो गए थे।
भारत सरकार द्वारा दिव्यांग कारीगरों और उद्यमियों के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए एकम उत्सव का आयोजन किया गया। इस उत्सव में अस्सी से अधिक दिव्यांग कारीगरों और उद्यमियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग समुदाय के लोगों के बीच ज्ञान और उद्यमशीलता को बढ़ावा देना है।
पूर्व एशियाई रजत पदक विजेता मुक्केबाज सुमित सांगवान ने राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) की सुनवाई में यह साबित कर दिया कि उन्होंने अनजाने में प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन किया था। इसके बाद उन पर लगा एक साल का डोपिंग प्रतिबंध हटा दिया गया। सांगवान को दिसंबर 2019 में विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) की प्रतिबंधित सूची में शामिल पदार्थ के सेवन का दोषी पाया गया था।
एफआईएच प्रो हॉकी लीग में भारतीय हॉकी टीम द्वारा किये गये अच्छे प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम चौथी रैंकिंग पर पहुंच गई है। एफआईएच की ताजा रैंकिंग में विश्व चैंपियन बेल्जियम का शीर्ष स्थान बरकरार है, जिसने जनवरी में ऑस्ट्रेलिया को सिडनी में हराकर शीर्ष स्थान वापस हासिल कर लिया था। ऑस्ट्रेलिया दूसरे और हॉलैंड तीसरे स्थान पर है। ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना पांचवें स्थान पर है। जर्मनी छठे, इंग्लैंड सातवें और न्यूजीलैंड आठवें स्थान पर है, जबकि स्पेन नौंवें स्थान पर है।
भारत सरकार ने विश्व धरोहर स्थलों की सूची में शामिल करने के लिए दो स्थानों को नामित किया है। भारत सरकार ने वर्ष 2020 के लिए विश्व धरोहर सूची में शामिल करने के लिए दो नामांकन डोजियर प्रस्तुत किए हैं। 1. धोलावीरा : एक हड़प्पाकालीन शहर 2. दक्कन सल्तनत के स्मारक और किले
भारत सरकार ने देश में परिचालन करने वाली एयरलाइनों को अपने यात्रियों को इन-फ्लाइट वाई—फाई सेवाएं प्रदान करने की अनुमति दे दी है। इस तकनीक की सहायता से यात्रियों को लैपटॉप, टैबलेट, स्मार्ट वाच, स्मार्टफोन और फ्लाइट मोड में पॉइंट ऑफ सेल डिवाइस का उपयोग करने की सुविधा है।