20 अप्रैल, 2020 को अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सुबनसिरी नदी पर एक पुल का उद्घाटन किया है। इस पुल का निर्माण बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) द्वारा किया गया है। इस पुल का निर्माण कार्य बीआरओ द्वारा किया गया है। भारत-चीन सीमा तक जाने वाली संपर्क सड़कों के लिए इस पुल का बहुत महत्व है। इस पुल का निर्माण एक महीने से भी कम समय में किया गया है। यह पुल 40 टन वजन को उठाने में सक्षम है।
राजस्थान सरकार ने लोगों को ऑनलाइन चिकित्सा सेवा प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य सेवा स्टार्टअप मेडकार्ड्स के साथ साझेदारी की है। इस स्टार्टअप की स्थापना राजस्थान के लोगों को आयु व सेहत साथी एप्लीकेशन के माध्यम से ऑनलाइन चिकित्सा परामर्श और दवाओं की डिलीवरी प्रदान करने के लिए की गई है। इस सेवा के तहत राज्य के 7 जिलों को शामिल किया गया है और बाद में इसके द्वारा पूरे राज्य को कवर किया जाएगा।
21 अप्रैल, 2020 को गोवा देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जो COVID-19 से मुक्त हुआ। गोवा के बाद मणिपुर COVID-19 मुक्त होने वाला दूसरा राज्य है। गोवा राज्य में COVID-19 के कुल सात सकारात्मक मामले थे। 3 अप्रैल, 2020 के बाद से राज्य में एक भी COVID-19 का मामला दर्ज नहीं हुआ है।
विज्ञान व प्रौद्योगिकी विभाग के तहत एक स्वायत्त संस्थान नैनो विज्ञान व प्रौद्योगिकी संस्थान, मोहाली (INST) के वैज्ञानिकों ने पता लगाया है कि ऊर्जा रूपांतरण उपकरणों के निर्माण में उपयोग किए जाने वाले कुशल इलेक्ट्रो-उत्प्रेरक विकसित करने के लिए मछली के गलफड़े का उपयोग किया जा सकता है। इस प्रकार विकसित उपकरणों के अधिक किफायती और पर्यावरण के अनुकूल होने का दावा किया जाता है।
21 अप्रैल, 2020 को गुजरात सरकार ने लॉकडाउन के बीच सुजलम सुफलाम जलसंचय अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत की। यह योजना 10 जून तक जारी रहेगी। इस योजना के तीसरे चरण के तहत गुजरात सरकार ने मानसून से पहले झीलों, नदियों, चेक बांधों को गहरा करने की योजना बनाई है। इसके द्वारा मनरेगा के तहत लोगों की भागीदारी के साथ सिल्ट को भी हटा दिया जाएगा।
21 अप्रैल, 2020 को पुणे नगर निगम ने “साईम” मोबाइल एप्लीकेशन लॉन्च की है। इस ऐप को होम क्वारंटाइन लोगों की निगरानी के लिए विकसित किया गया है। पुणे नगर निगम ने पांच अलग-अलग क्षेत्रों में टीमों की नियुक्ति की है। ये दल दैनिक आधार पर होम क्वारंटाइंड लोगों के साथ अनुवर्ती कार्रवाई करेंगे। इसके अलावा टीमों को उन लोगों पर की भी जांच करनी है, जो अंतरराष्ट्रीय यात्राओं से लौटे हैं और जिन्हें COVID-19 उपचार से छुट्टी दे दी गई है।
भारत के अग्रणी निजी क्षेत्र के बैंक आईसीआईसीआई बैंक ने अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चैटबॉट iPal को अमेजन एलेक्सा और गूगल असिस्टेंट के साथ एकीकृत कर अपने ग्राहकों के लिए वॉयस-बैंकिंग सेवाएं शुरू की हैं। यह पहल COVID-19 के कारण देशव्यापी लॉकडाउन के बीच बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाने में ग्राहकों की सहायता करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। ग्राहकों को एलेक्सा या गूगल असिस्टेंट डाउनलोड करना होगा और अपने आईसीआईसीआई बैंक खाते को इससे लिंक करना होगा।
फिजी के पूर्व प्रधानमंत्री लाईसेनिया करेज का 79 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। लाईसेनिया करेज ने 2000 से 2006 तक ओशियानियाई राष्ट्र फिजी के 6वें प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया। वह सोकसोको दुवाता नी लेवेनिवुआ पार्टी के संस्थापक भी थे। 2006 में उन्हें सत्ता से हटा दिया गया था और भ्रष्टाचार के आरोपों में उन्हें जेल में डाल दिया गया था।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ‘झारखंड बाजार’ नाम से एक मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च की है। इसका उद्देश्य लॉकडाउन के बीच राज्य के लोगों तक आवश्यक वस्तुओं को पहुंचाना और कोविड-19 के प्रसार को नियंत्रित करना है। इस ऐप को राज्य के खाद्य, सार्वजनिक वितरण और उपभोक्ता मामलों के विभाग द्वारा विकसित किया गया है। झारखंड ने इससे पहले प्रवासी श्रमिकों को 1000 रुपये और 2000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए ‘झारखंड सहायता ऐप’ शुरू की थी।
22 अप्रैल, 2020 को नासा (नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन) ने घोषणा की है कि भारत में वायु प्रदूषण 20 साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। नासा द्वारा प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार 2016 से 2019 के औसत की तुलना में 2020 में एरोसोल ऑप्टिकल डेप्थ सबसे कम रहा है। वायुमंडल में वायु में मौजूद कणों द्वारा प्रकाश के अवशोषण को एरोसोल ऑप्टिकल डेप्थ कहा जाता है। जब एरोसोल सतह के पास होते हैं, तो 1 या उससे ऊपर की ऑप्टिकल डेप्थ धुंधली स्थितियों का सूचक है। एरोसोल ऑप्टिकल डेप्थ 2016 में 0.7 थी और अब 0.1 तक पहुंच गई है। इस पैटर्न का अवलोकन MODIS मॉडल द्वारा किया गया है। MODIS का पूर्ण स्वरूप Moderate Resolution Imaging Spectroradiometer है।