भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने हाल ही में 30 जून, 2022 तक टोकन नियमों को बढ़ा दिया है। मर्चेंट साइट्स पर कार्ड डेटा को मिटा देने और टोकन लागू करने की समय सीमा को और 6 महीने बढ़ा दिया गया है। केन्द्रीय बैंक द्वारा यह कदम इसलिए उठाया गया है क्योंकि व्यापारियों और भुगतान कंपनियों ने 31 दिसंबर, 2021 की पहले की समय सीमा को पूरा करने में असमर्थता व्यक्त की है।
24 दिसंबर को पूरे भारत में प्रतिवर्ष राष्ट्रीय उपभोक्ता अधिकार दिवस (National Consumer Rights Day) के रूप में मनाया जाता है। इसे राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस भी कहा जाता है। यह दिन 24 दिसंबर, 1986 की स्मृति में मनाया जाता है, जब उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम को भारत के राष्ट्रपति की स्वीकृति मिली थी। इस दिवस का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक करना है। विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस प्रतिवर्ष 15 मार्च को मनाया जाता है।
भारतीय नौसेना का जहाज (INS) केसरी ‘मिशन सागर’ (SAGAR – Security and Growth for All in the Region ) के तहत 500 टन खाद्य सहायता देने के लिए मापुटो बंदरगाह, मोजाम्बिक पहुंच गया है। INS केसरी मोजाम्बिक के सशस्त्र बलों को सौंपे जाने वाले दो फास्ट इंटरसेप्टर क्राफ्ट और आत्मरक्षा उपकरण भी ले जा रहा है। इससे पहले INS केसरी ने मालदीव, मॉरीशस, सेशेल्स, मेडागास्कर और कोमोरोस को मानवीय और चिकित्सा सहायता प्रदान की थी।
भारत के राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने केरल के तिरुवनंतपुरम में पी.एन. पनिकर (P.N. Panicker) की प्रतिमा का अनावरण किया। पी.एन. पनिकर ने राज्य में साक्षरता आंदोलन और पुस्तकालयों को बढ़ावा देने के लिए 1945 में ‘ग्रंथशाला संगम’ की शुरुआत की। वह “वायचु वलारुका” के संदेश के लिए प्रसिद्ध थे, जिसका अर्थ है “पढ़ें और बढ़ें”। उन्होंने साक्षरता आंदोलन को एक लोकप्रिय सामाजिक-सांस्कृतिक आंदोलन बना दिया था।
जब विशाल तारे नष्ट होते हैं, तो वे न्यूट्रॉन तारे बनाते हैं, और इनमें से कुछ न्यूट्रॉन तारे सबसे तीव्र चुंबकीय क्षेत्र (intense magnetic field) के साथ एक छोटा समूह बनाते हैं, जिसे मैग्नेटर्स (Magnetars) के रूप में जाना जाता है। इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स (IAA-CSIC) के नेतृत्व में, खगोलविदों ने हाल ही में एक फ्लैश ‘GRB2001415’ का अध्ययन किया है, जो 15 अप्रैल, 2020 को हुआ और एक सेकंड के केवल दसवें हिस्से तक चला। इस अध्ययन के अनुसार, जो ऊर्जा जारी की गई थी, वह उस ऊर्जा के बराबर है जो हमारा सूर्य 1,00,000 वर्षों में विकिरण करता है।
आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने “Star Rating Protocol of Garbage Free Cities- Toolkit 2022” लॉन्च किया। 1 अक्टूबर 2021 को, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “कचरा मुक्त शहर” (GFC) बनाने के लिए स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 का शुभारंभ किया था। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक शहरी स्थानीय निकाय को स्टार रेटिंग प्रोटोकॉल के तहत कम से कम 3-सितारा कचरा मुक्त बनाना है।
रूस के रक्षा बलों ने सिरकॉन (Tsirkon) हाइपरसोनिक मिसाइल प्रणाली का सफलतापूर्वक परीक्षण-लॉन्च किया है जो नौसेना और जमीनी दोनों लक्ष्यों पर हमला कर सकती है। यूक्रेन सीमा पर जारी तनाव के बीच यह लांच किया गया है। अमेरिका की ओर से बार-बार चेतावनी दी जा रही है कि रूस ने यूक्रेन की सीमा पर एक लाख से अधिक सैनिक तैनात किये हैं।
चीन के वैज्ञानिकों ने दुनिया की पहली ऐसी मशीन विकसित की है जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल कर लोगों पर अभियोग चला सकती है। वैज्ञानिकों के अनुसार, AI Prosecutor (AI अभियोजक) 97% से अधिक सटीकता के साथ लोगों अभियोग चला सकता है और यह मौखिक विवरण पर काम करता है।
दिल्ली सरकार कोविड -19 से निपटने के लिए Graded Response Action Plan (GRAP) को लागू करने जा रही है। यह एक कलर-कोडेड कार्य योजना है जिसमें सबसे निचले स्तर पर पीला और उच्चतम स्तर पर लाल होता है। इस योजना के तहत बाजारों, उद्योगों, कार्यालयों और सार्वजनिक परिवहन में प्रतिबंधों का स्तर कोविड -19 परीक्षण सकारात्मकता दर, नए मामले और अस्पतालों में ऑक्सीजन बेड के अधिभोग (occupancy) जैसे कारकों के आधार पर निर्धारित किया जाएगा।
“इंडिया आउट” अभियान का नेतृत्व मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन ने किया था। हाल ही में मालदीव में राजनीतिक दलों ने इस अभियान का विरोध किया है। पिछले तीन वर्षों में सोशल मीडिया पर “इंडिया आउट” नारा देखा गया है। “इंडिया आउट” अभियान इन आरोपों के इर्द-गिर्द केंद्रित है कि भारत सुरक्षा सहयोग के माध्यम से मालदीव में एक सैन्य उपस्थिति स्थापित करना चाहता है।