हाल ही में वैश्विक स्वास्थ्य सुरक्षा सूचकांक (Global Health Security Index) 2021 जारी किया गया है। भारत 195 देशों में से 66 वें स्थान पर है, जिसका समग्र सूचकांक स्कोर 42.8 है। अमेरिका 75.9 के स्कोर के साथ सूचकांक में पहले स्थान पर है और उसके बाद ऑस्ट्रेलिया और फिनलैंड हैं। इसमें 195 देशों में स्वास्थ्य सुरक्षा और संबंधित क्षमताओं का आकलन और बेंचमार्किंग की गई है। श्विक स्वास्थ्य सुरक्षा सूचकांक छह श्रेणियों में देशों की स्वास्थ्य सुरक्षा और क्षमताओं का आकलन करता है।
भारतीय मूल की लीना नायर (Leena Nair) को फ्रांस के लग्जरी ग्रुप शनैल (Chanel) ने 14 दिसंबर 2021 को लंदन में अपना ग्लोबल चीफ एग्जीक्यूटिव (CEO) नियुक्त किया है। आपको बता दें कि शनैल फैशन की बड़ी कंपनी है। इससे पहले लीना नायर यूनिलीवर के साथ जुड़ी थीं। लीना नायर महाराष्ट्र के कोल्हापुर से हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई कोल्हापुर के होली क्रॉस कॉन्वेंट स्कूल से हुई है। उन्होंने इसके बाद सांगली में वालचंद कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से इलेक्ट्रॉनिक्स की पढ़ाई की। आगे पढ़ाई के लिए वे जमशेदपुर चली गईं। यहां के जेवियर्स स्कूल ऑफ मैनेजमेंट (XLRI) से एमबीए किया।
अमेरिका की मशहूर जिमनास्ट सिमोन बाइल्स को टाइम्स पत्रिका ने साल 2021 की सर्वश्रेष्ठ एथलीट चुना है। सिमोना को जिमनास्ट का दिग्गज माना जाता है जिन्होंने ओलिंपिक में सात और वर्ल्ड चैंपियनशिप में 25 मेडल अपने नाम किए हैं। आपको बता दें कि ओलिंपिक के बीच ही सिमोना ने मानसिक स्वास्थ्य को तरजीह देते हुए चार इवेंट्स के फाइनल से नाम वापिस ले लिया था।
निजी क्षेत्र के कोटक महिंद्रा बैंक ने आशु सुयश को पांच साल के लिए बैंक का स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है। बैंक ने एक बयान में कहा है कि यह नियुक्ति 24 जनवरी 2022 से लेकर 23 जनवरी 2027 तक प्रभावी होगी। आशु सुयश इससे पहले रेटिंग एजेंसी क्रिसिल के प्रबंध निदेशक थे। बैंक ने बताया कि उसके निदेशक मंडल ने अगले वित्त वर्ष में एक या अधिक चरणों में ऋण के जरिये 5,000 करोड़ रुपये जुटाने का प्रस्ताव भी मंजूर किया है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी के पूर्व मुख्य वित्तीय अधिकारी फैसल हसनैन को वसीम खान की जगह नया कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है। आईसीसी के सीएफओ के तौर पर वे 2007, 2015, 2016 और 2023 चक्र के वाणिज्यिक अधिकारों की बिक्री में शामिल रहे थे। वह जिम्बाब्वे क्रिकेट के लिए भी काम कर चुके हैं। बता दें कि फैसल हसनैन जनवरी में पीसीबी के सीईओ का कार्यभार संभालेंगे।
भारतीय खेल पत्रकार महासंघ (SJFI) ने 14 दिसंबर 2021 को प्रतिष्ठित 'एसजेएफआई पदक' महान क्रिकेटर सुनील गावसकर को देने का फैसला किया। एसजेएफआई ने गुवाहाटी में वार्षिक आम बैठक (AGM) में यह फैसला किया। सुनील गावस्कर भारत के क्रिकेट के पूर्व-खिलाड़ी हैं। सुनील गावस्कर वर्तमान युग में क्रिकेट के महान बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। इनका जन्म 10 जुलाई 1949 को मुम्बई (महाराष्ट्र) में हुआ था।
एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने तीन महीने में दूसरी बार चालू वित्त वर्ष 2021-22 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को घटाकर 9.7 प्रतिशत कर दिया है। एडीबी ने इसका कारण उद्योग के समक्ष आपूर्ति संबंधी बाधाओं को बताया है। इससे पहले एडीबी ने सितंबर महीने में अपनी रिपोर्ट में 2021-22 में आर्थिक वृद्धि दर 10 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया था। घरेलू मांग के सामान्य स्तर पर आने की उम्मीद के साथ वित्त वर्ष 2022-23 के लिए भारत की वृद्धि दर का अनुमान 7.5 प्रतिशत पर बरकरार है।
मैक्स वेरस्टैपेन ने अबू धाबी ग्रां प्री में लुईस हैमिल्टन को पीछे छोड़ते हुए अपना पहला “फॉर्मूला वन विश्व खिताब” जीता है। मैक्स वेरस्टैपेन एक बेल्जियम-डच रेसिंग ड्राइवर है, जो वर्तमान में डच ध्वज के तहत रेड बुल रेसिंग के साथ फॉर्मूला वन में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। वे 2015 ऑस्ट्रेलियन ग्रां प्री में फॉर्मूला वन में प्रतिस्पर्धा करने वाले सबसे कम उम्र के ड्राइवर बने थे। फॉर्मूला वन अंतर्राष्ट्रीय ऑटो रेसिंग का सर्वोच्च वर्ग है, जो सिंगल सीटर फॉर्मूला रेसिंग कारों के लिए आयोजित किया जाता है।
गूगल ने अपनी ‘Year in Search 2021’ सूची जारी की, जो दुनिया भर में इस सर्च इंजन पर सबसे अधिक खोजी गई चीज़ों को प्रदर्शित करती है। ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा 2021 में भारत में सबसे अधिक खोजे जाने वाले व्यक्तित्व बन गए। 2021 में भारत में गूगल पर सबसे अधिक खोजे जाने वाले विषयों में ICC T20 विश्व कप और इंडियन प्रीमियर लीग, CoWin, यूरो कप और टोक्यो ओलंपिक पहले पांच स्पॉट पर थे।
संसद ने हाल ही में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (संशोधन) विधेयक पारित किया है। इसका उद्देश्य अहमदाबाद, हाजीपुर, हैदराबाद, कोलकाता, गुवाहाटी और रायबरेली में स्थित फार्मास्यूटिकल शिक्षा और अनुसंधान के छह और संस्थानों को ‘राष्ट्रीय महत्व के संस्थान’ का दर्जा देना है। इसका उद्देश्य उनके लिए एक सलाहकार परिषद स्थापित करना भी है।