एलन मस्क को टाइम मैगजीन ने पर्सन आफ द ईयर घोषित किया है। टाइम का पर्सन आफ द ईयर खिताब दुनियाभर में गौरव की बात है। यह खिताब किसी व्यक्ति या संस्थान के प्रभावशाली होने का परिचायक है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पिछले साल अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को संयुक्त रूप से पर्सन आफ ईयर चुना गया था।
हर साल 14 दिसंबर को पुरे भारत में ‘राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस’ मनाया जाता है। राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (BEE) द्वारा आयोजित किया जाता है, जो ऊर्जा मंत्रालय के अधीन है। इसका उद्देश्य ऊर्जा दक्षता और संरक्षण में भारत की उपलब्धियों को प्रदर्शित करना है। भारत में ऊर्जा संरक्षण अधिनियम 2001 को ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE) द्वारा लागू किया गया था। दरअसल ऊर्जा दक्षता ब्यूरो एक संवैधानिक निकाय है जो भारत सरकार के अंतर्गत आता है और ऊर्जा का उपयोग कम करने के लिए नीतियों और रणनीतियों के विकास में मदद करता है।
भारत ने 13 दिसंबर 2021 को पर्यावरण सुधार के सिलसिले में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में प्रस्तुत संकल्प के प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया है। आपको बता दें कि उसके कुछ ही देर बाद रूस ने इस प्रस्ताव को वीटो कर दिया है जिससे यह निष्प्रभावी हो गया। इस प्रस्ताव में बदलते पर्यावरण को दुनिया में शांति और सुरक्षा के लिए खतरा बताया गया था। इस प्रस्ताव में विकासशील देशों के हितों के खिलाफ बातें थीं। भारत ने कहा कि यह प्रस्ताव ग्लासगो शिखर सम्मेलन में बेहद कठिनाई से बनी सहमति के खिलाफ है।
उत्तराखंड के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री और आठ बार विधायक रहे हरबंस कपूर का निधन हो गया। हरबंस कपूर ने 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। हरबंस कपूर ने 1985 में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़े, लेकिन वे हीरा सिंह बिष्ट से हार गए। 1989 में हरबंस कपूर जब दोबारा मैदान में उतरे तो उन्होंने हीरा सिंह बिष्ट को हरा दिया। इसके बाद उन्होंने कभी भी हार का मुंह नहीं देखा। साल 2000 में अलग उत्तराखंड बनने के बाद पहली बार 2002 में हुए विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने जीत का क्रम बरकरार रखा। उन्होंने 2017 में भी देहरादून कैंट विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। वे लगातार आठ बार कैंट विधानसभा सीट से विधायक रहे। उन्हें 2007 में उत्तराखंड विधानसभा का अध्यक्ष भी चुना गया था।
ऑस्ट्रेलिया को पहली बार टी20 विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले विस्फोटक सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को आईसीसी ने नवंबर महीने का श्रेष्ठ खिलाड़ी चुना है। महिला वर्ग में यह सम्मान वेस्टइंडीज की ऑलराउंडर हीली मैथ्यूज को मिला है। डेविड वॉर्नर की दमदार बल्लेबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पिछले महीने ही पहली बार टी20 विश्व कप का खिताब जीता था।
राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप में भारत के खाते में तीन स्वर्ण पदक आ चुके हैं। अजय सिंह ने पुरुषों की 81 किग्रा भारवर्ग का खिताब जीतकर चैंपियनशिप में भारत के लिए तीसरा स्वर्ण पदक जीता। अजय ने कुल 322 किग्रा भार उठाया और इस दौरान स्नैच में 147 किग्रा के प्रयास के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने गोल्ड जीतने के साथ ही अगले साल बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए सीधे क्वालीफाई कर लिया। भारत की तरफ से अब कुल तीन भारोत्तोलक 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में जगह बना चुके हैं।
न्यूजीलैंड ने वर्ष 2027 तक अपने देश को पूर्ण रूप से धूम्रपान मुक्त देश बनाने की घोषणा की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हर दिन 50 लाख लोगों की आबादी में से पांच लाख लोग धूम्रपान करते हैं। हर साल 4500 लोगों की मौत होती है। न्यूजीलैंड में 14 वर्ष या उससे कम उम्र के किसी भी शख्स को 2027 से सिगरेट खरीदने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सरकार द्वारा इन प्रतिबंधों की शुरुआत वर्ष 2024 से की जाएगी।
हाल ही में प्रोफेसर नीना गुप्ता को विकासशील देशों के युवा गणितज्ञों के लिए रामानुजन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वह कोलकाता में भारतीय सांख्यिकी संस्थान में गणितज्ञ हैं और उन्हें ‘एफाइन बीजीय ज्यामिति’ और ‘कम्यूटेटिव बीजगणित’ में उत्कृष्ट कार्य के लिये सम्मानित किया गया है। वह रामानुजन पुरस्कार पाने वाली तीसरी महिला हैं।
अमेरिका ने हाल ही में रूस को यूक्रेन पर आक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी है और दोनों देशों से पूर्वी यूक्रेन में अलगाववादी युद्ध को समाप्त करने के लिए तैयार किए गए समझौतों पर लौटने का आग्रह किया है। 2014 में, यूक्रेन और रूसी समर्थित अलगाववादियों ने मिन्स्क में 12-सूत्रीय युद्धविराम समझौते पर सहमति व्यक्त की थी। रूस, यूक्रेन, OSCE के प्रतिनिधियों और दो रूसी समर्थक अलगाववादी क्षेत्रों के नेताओं ने 2015 में मिन्स्क में 13-सूत्रीय समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसे मिन्स्क समझौता कहा जाता है।
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY) नाम से एक अम्ब्रेला योजना लागू कर रहा है। इस योजना का उद्देश्य देश भर में वरिष्ठ नागरिकों का कल्याण करना है। इसके कई घटक हैं, जैसे राष्ट्रीय वयोश्री योजना (RVY), SACRED, IPSrC, SAPSrC आदि।