joint naval exercise : संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, इज़रायल और यूनाइटेड स्टेट्स नेवल फोर्स सेंट्रल कमांड (NAVCENT) की सेनाओं ने ‘लाल सागर’ में एक बहुपक्षीय समुद्री सुरक्षा अभियान अभ्यास शुरू किया। यह संयुक्त राज्य अमेरिका, इज़रायल और दो खाड़ी देशों (संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन) के बीच सार्वजनिक रूप से स्वीकृत पहला नौसैनिक अभ्यास है।
प्रमुख तथ्य
- वर्ष 2020 में संयुक्त अरब अमीरात और बहरीन ने ईरान के संबंध में साझा चिंताओं और आर्थिक लाभ की उम्मीदों के चलते एक साथ लाए गए अब्राहम समझौते के माध्यम से अमेरिका के नेतृत्व में इज़रायल के साथ अपने राजनयिक संबंधों को सामान्य किया था।
- यूएस फिफ्थ फ्लीट/NAVCENT, बहरीन में स्थित है और अरब की खाड़ी, ओमान की खाड़ी, लाल सागर तथा हिंद महासागर के कुछ हिस्सों में संचालित होता है।
- विश्लेषकों का मानना है कि फरवरी 2021 से ईरान और इज़रायल ‘शैडो वॉर’ में संलग्न हैं, जिसके तहत दोनों राष्ट्रों द्वारा एक-दूसरे के जहाज़ों पर हमला किया जा रहा है।
- वर्ष 2015 के परमाणु समझौते को पुनर्जीवित करने के लिए ईरान और प्रमुख शक्तियों (P5 +1) के बीच वार्ता 29 नवंबर, 2021 को वियना में फिर से शुरू होगी, हालांकि यदि यह वार्ता विफल होती है तो इससे क्षेत्रीय तनाव और अधिक बढ़ सकता है।
- लाल सागर में आयोजित इस पांच दिवसीय अभ्यास का उद्देश्य इसमें भाग लेने वाले सुरक्षा बलों के बीच अंतःक्रियाशीलता को बढ़ाना है।
- यह समुद्री सहयोग नौवहन की स्वतंत्रता और व्यापार के मुक्त प्रवाह की रक्षा करने में मदद करता है, जो क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के लिये आवश्यक है।
- इस अभ्यास में ‘यूएसएस पोर्टलैंड’ (एक परिवहन डॉक जहाज़) पर बोर्डिंग, खोज और ज़ब्ती संबंधी प्रशिक्षण शामिल है।
लाल सागर के बारे में भी जानिए
- लाल सागर एक अर्द्ध-संलग्न उष्णकटिबंधीय बेसिन (Semi-Enclosed Tropical Basin) है, जो उत्तर-पूर्व में अफ्रीका, पश्चिम और पूर्व में अरब प्रायद्वीप से घिरा हुआ है।
- लंबा और संकीर्ण आकार का यह बेसिन भूमध्य सागर के मध्य और उत्तर-पश्चिम तथा हिंद महासागर से दक्षिण-पूर्व तक फैला हुआ है।
- उत्तरी छोर पर यह अकाबा की खाड़ी (Gulf of Aqaba) और स्वेज़ की खाड़ी (Gulf of Suez) से अलग हो जाता है, जो स्वेज़ नहर के माध्यम से भूमध्य सागर से जुड़ा हुआ है।
- दक्षिणी छोर पर यह बाब अल मंदेब (Bab-el-Mandeb) जलडमरूमध्य द्वारा अदन की खाड़ी और बाहरी हिंद महासागर से जुड़ा हुआ है।
- यह रेगिस्तानी या अर्द्ध-रेगिस्तानी क्षेत्रों से घिरा हुआ है, जिसमें कोई भी बड़ा ताज़े पानी का प्रवाह नहीं है।
यह भी पढ़ें
10 most polluted cities in the world : भारत के तीन शहर दुनिया के 10 सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल