वरिष्ठ राजनयिक संजय सुधीर को 2 नवंबर 2021 को संयुक्त अरब अमीरात में भारत का राजदूत नियुक्त किया गया है। सुधीर 1993 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी हैं और वह पवन कपूर का स्थान लेंगे। कपूर को रूस में भारत का राजदूत नियुक्त किया गया है। विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक, सुधीर जल्द ही कार्यभार संभालेंगे।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 22 भाषाओं में आम बोलचाल वाले वाक्य सीखने में मदद वाले संगम ऐप को लॉन्च किया है। शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि भाषा संगम पहल में 22 भाषाओं के 100 वाक्यों को ‘दीक्षा प्लेटफॉर्म’ पर अपलोड किया गया है जिसमें वीडियो, ऑडियो के साथ भारतीय संकेत भाषाओं में भी कंटेंट है। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हमारे देश में काफी संख्या में भाषाएं, लोक परंपराएं, व्यंजन आदि हैं और इन विविधताओं के साथ हम एक हैं।
अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान असगर अफगान (Asghar Afghan Retires) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। असगर अफगान ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 31 अक्टूबर 2021 को नामीबिया के खिलाफ खेला। टी20 विश्व कप-2021 के इस मुकाबले में उन्होंने 23 गेंदों में 31 रन बनाए। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अन्य किसी भी अफगान कप्तान की तुलना में उनका सक्सेस रेट सर्वाधिक 81.73 है। अफगानिस्तान ने अपना पहला टेस्ट मैच में साल 2018 में असगर अफगान की ही कप्तानी में खेला था।
दिनेश के. पटनायक को स्पेन में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया गया है। 1990 बैच के आईएफएस अधिकारी पटनायक अभी भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के महानिदेशक के रूप में कार्य कर रहे हैं।
भारत में प्रतिदिन 31 बच्चे आत्महत्या कर रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार साल 2020 में 18 वर्ष से छोटे 11,396 बच्चों ने अपना जीवन खत्म कर लिया। यह संख्या 2019 के मुकाबले 18 प्रतिशत अधिक है। एनसीआरबी की रिपोर्ट के मुताबिक, बच्चों की आत्महत्या की यह संख्या 2 साल पहले से भी 21 प्रतिशत अधिक है। 2019 में 9,613 और 2018 में 9,413 बच्चों ने आत्महत्या की थी।
केंद्रीय विद्युत मंत्रालय और ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) द्वारा जारी राज्य ऊर्जा दक्षता सूचकांक 2020 में राजस्थान दूसरे स्थान पर है। सूची में कर्नाटक पहले स्थान पर है। राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक डॉ. सुबोध अग्रवाल ने एक बयान में बताया कि राज्य ऊर्जा दक्षता सूचकांक 2020 के लिये भारत सरकार द्वारा देश के समस्त राज्यों को चार श्रेणियों मे बांटा गया था। राज्य ने 61 अंक दर्ज किये हैं। आपकों बता दे कि इस सूची में हरियाणा तीसरे स्थान पर है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने राज्य का स्थापना दिवस 1 नवंबर की बजाय 18 जुलाई को मनाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि एक नवंबर, 1956 को देश में राज्यों का भाषाई आधार पर पुनर्गठन किया गया था जिसके बाद आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल के कुछ हिस्सों को तत्कालीन मद्रास राज्य से ‘निकाल’ अलग कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने 2019 से एक नवंबर को तमिलनाडु दिवस के रूप में घोषित किया था। उन्होंने एक बयान में बताया कि हालांकि, राजनीतिक दलों, तमिल विद्वानों, कार्यकर्ताओं और संगठनों समेत अन्य इस बात पर जोर दे रहे थे कि एक नवंबर सिर्फ ‘सीमा संघर्ष’ का प्रतीक है और इस दिवस को तमिलनाडु दिवस के रूप में मनाना उचित नहीं है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक टेड्रोस घेब्रेयेसस (Tedros Ghebreyesus) के दूसरे कार्यकाल पर मुहर लग गई है। डब्ल्यूएचओ ने हाल ही में घोषणा की है कि टेड्रोस घेब्रेयेसस को संगठन के प्रमुख पद के लिए निर्विरोध दोबारा चुना गया है। उनका दूसरा कार्यकाल पांच साल का होगा। गौरतलब है कि टेड्रोस घेब्रेयेसस इथियोपियाई नागरिक हैं और डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक पद पर पहुंचने वाले पहले अफ्रीकी हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) एक सप्ताह तक चलने वाले ‘Deep Dive Online Training Program’ का आयोजन कर रहा है। ‘साइबर सुरक्षित भारत’ पहल के तहत MeitY में राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस डिवीजन (National e-Governance Division) द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। MeitY ने साइबर जागरूकता में पहली सार्वजनिक-निजी भागीदारी के रूप में 2018 में साइबर सुरक्षित भारत पहल शुरू की थी। यह ऑनलाइन कार्यक्रम मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारियों को विभिन्न मंत्रालयों, सार्वजनिक उपक्रमों और बैंकों के आईटी कर्मचारियों के साथ प्रशिक्षित करता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) के पुनर्गठन को मंजूरी दी। भारतीय सांख्यिकी संस्थान के अध्यक्ष बिबेक देबरॉय इस परिषद के अध्यक्ष हैं। नई सलाहकार परिषद को दो साल की अवधि के लिए नियुक्त किया गया है।