नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कृषि उड़ान 2.0 योजना शुरू की। इसके तहत कृषि उत्पादों के परिवहन में किसानों की सहायता के लिए उत्तर-पूर्व, पहाड़ी और आदिवासी क्षेत्रों के हवाई अड्डों में कार्गो से संबंधित इंफ्रास्ट्रकचर का निर्माण किया जाएगा। इस दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की आय दोगुनी करने का मतलब न केवल उपज के लिए बाजार में मूल्य बढ़ाना है, बल्कि इसका मतलब किसानों के लिए एक आदर्श बदलाव भी है।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बलदेव प्रकाश को जम्मू-कश्मीर बैंक का अगला प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तारीख या 10 अप्रैल 2022, जो पहले हो, से तीन साल के लिए होगी। बलदेव प्रकाश को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) में 30 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वे 1991 में एक परिवीक्षाधीन अधिकारी के रूप में एसबीआई में शामिल हुए थे।
उत्तर प्रदेश के फैजाबाद रेलवे जंक्शन का नाम बदल दिया गया है। अब फैजाबाद रेलवे जंक्शन को अयोध्या कैंट के रूप में जाना जायेगा। यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने यह फैसला किया है। बताते चलें कि योगी सरकार ने ही फैजाबाद जिले का नाम बदलकर अयोध्या किया था। इससे पहले मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम दीन दयाल उपाध्याय नगर और मंडुआडीह का नाम बनारस रेलवे स्टेशन हुआ था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि गोवा ने खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) के लक्ष्य को हासिल किया है। हर घर जल मिशन के तहत, गोवा इस उपलब्धि को हासिल करने वाला पहला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुविधा और सम्मान के लिए गोवा कई सरकारी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू कर रहा है। शौचालय, उज्ज्वला गैस कनेक्शन या जन धन बैंक खाते हों गोवा ने महिलाओं को ये सुविधाएं प्रदान करने में बहुत अच्छा काम किया है।
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समिति ने मिताली राज, नीरज चोपड़ा सहित 11 खिलाड़ियो को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार 2021 के लिए नामित किया है। खेल रत्न अवॉर्ड देश का सबसे बड़ा खेल सम्मान है। यह पुरस्कार पहली बार 1991-92 में दिया गया था। तब इसका नाम देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम पर रखा गया था। इस अवार्ड की स्थापना का मुख्य उद्देश्य खेल के क्षेत्र में सराहना और जागरूकता फैलाना है।
भारतीय सेना ने 27 अक्टूबर 2021 को सतह से सतह वार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-5 का सफल परीक्षण किया। इस मिसाइल को ओडिशा के एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से लॉन्च किया गया। अग्नि 5 मिसाइल की रेंज 5,000 किलोमीटर बताई जा रही है। अग्नि-5 को डीआरडीओ और भारत डायनेमिक्स लिमिटेड द्वारा विकसित किया गया है और इसका वजन करीब 50,000 किलोग्राम है। मिसाइल 1.75 मीटर लंबी है, जिसका व्यास 2 मीटर है।
इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक और एचडीएफसी बैंक ने 26 अक्टूबर 2021 को घोषणा की है कि पेमेंट बैंक के लगभग 4.7 करोड़ ग्राहकों को होम लोन की पेशकश करने के लिए एक रणनीतिक साझेदारी की गई है। इस साझेदारी का उद्देश्य HDFC होम लोन उत्पादों को ग्राहकों तक ले जाना है। विशेष रूप से बिना बैंक वाले और कम सेवा वाले क्षेत्रों में, जिनमें से कई के पास वित्त की बहुत कम या कोई पहुंच नहीं है।
सऊदी अरब नकदी संकट से जूझ रहे पाकिस्तान को सुरक्षित जमाओं के रूप में तीन अरब डॉलर और 1.2 अरब डॉलर तथा 1.5 अरब डॉलर मूल्य का तेल उधार देने पर सहमत हो गया है। सऊदी सरकार तत्काल एक साल के लिए पाकिस्तान के खाते में तीन अरब अमेरिकी डॉलर जमा करेगी और कम से कम अक्टूबर 2023 में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) कार्यक्रम के पूरा होने तक इसे जारी रखा जाएगा।
अमेरिका ने हाल ही में ‘National Intelligence Estimate (NIE) on climate’ जारी किया है। इस रिपोर्ट के अनुसार, भारत को 10 अन्य देशों के साथ ‘चिंताजनक देश’ के रूप में वर्गीकृत किया गया है। इस सूची में अन्य देश अफगानिस्तान, ग्वाटेमाला, हैती, होंडुरास, इराक, पाकिस्तान, निकारागुआ, कोलंबिया, म्यांमार और उत्तर कोरिया हैं।
भारत के अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) का 52वां संस्करण 20 से 28 नवंबर तक गोवा में आयोजित किया जायेगा। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने घोषणा की कि हॉलीवुड के दिग्गज मार्टिन स्कॉर्सेसी (Martin Scorsese) और हंगेरियन फिल्म निर्माता इस्तवान स्जाबो (Istevan Szabo) को इस वर्ष के फिल्म समारोह में सत्यजीत रे लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।