विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने दुनिया भर में वायु प्रदूषण से होने वाली मौतों को लेकर डराने वाली रिपोर्ट जारी की है। दरअसल इस रिपोर्ट के अनुसार वायु प्रदूषण से दुनिया भर में हर मिनट 13 लोगों की मौत हो रही है। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (COP26) की अगुवाई में शुरू की गई बैठक में WHO ने अपनी विशेष रिपोर्ट जारी करते हुए चेतावनी भी जारी की है। इसमें कहा गया है कि अगर आने वाले समय में लोग नहीं चेते तो गंभीर परिणाम भुगतना पड़ सकता है।
अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) ने दुनिया के तीसरे सबसे बड़े ऊर्जा उपभोक्ता भारत को एजेंसी का पूर्णकालिक सदस्य बनने के लिए आमंत्रित किया है। यदि भारत इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लेता है तो नयी दिल्ली को रणनीतिक तेल भंडार को 90 दिनों की जरूरत तक बढ़ाना होगा। इस समय भारत का सामरिक तेल भंडार अपनी जरूरत के 9.5 दिनों के बराबर है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) में 30 सदस्य देश और आठ सहयोगी देश हैं।
राजस्थान सरकार ने विवादास्पद विवाह संशोधन बिल 2021 को वापस ले लिया है। इस विधेयक के जरिये राजस्थान में बाल विवाह को मान्यता और बढ़ावा देने का आरोप सभी सामाजिक संगठनों और विपक्षी दलों ने लगाया था। राजस्थान के सभी जिलों में बाल विवाह अभी भी एक सामाजिक चुनौती बनी हुई है। हालांकि साक्षरता बढ़ने और सरकारी प्रयासों की वजह से इस पर काफी हद तक रोक लग चुकी है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जस्टिस राजेश बिंदल को इलाहाबाद हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है। मुख्य न्यायमूर्ति राजेश बिंदल का जन्म 16 अप्रैल 1961 को हरियाणा के अंबाला में हुआ था। वे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से विधि स्नातक करने के बाद सितंबर 1985 से पंजाब व हरियाणा हाई कोर्ट में विधि कार्य शुरू किया। वे वकालत करने के दौरान हरियाणा राज्य की ओर से सतलज यमुना विवाद में बनी इडी ट्रिब्यूनल में हरियाणा सरकार के पक्षकार थे। इसके साथ ही प्रोविडेंट फंड, आयकर विभाग व अन्य महत्वपूर्ण विभागों की तरफ से हाईकोर्ट में सरकार का पक्ष रखते थे।
भारत ने किर्गिस्तान में विकास परियोजनाओं के लिए 20 करोड़ डॉलर की ऋण सहायता के समझौते पर सहमति जताई है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ट्वीट किया कि किर्गिस्तान के विदेश मंत्री रुस्लान कजाकबायेव के साथ सद्भावनापूर्ण और रचनात्मक बातचीत हुई। विकास परियोजनाओं में मदद करने के लिए 20 करोड़ डॉलर की ऋण सुविधा पर सहमति जताई। इसके अतिरिक्त अत्यधिक प्रभाव वाली सामुदायिक परियोजनाओं को लेकर आपसी सहमति बनी।
हर साल दुनियाभर में 12 अक्टूबर को विश्व गठिया दिवस मनाया जाता है। यह दिन लोगों में हड्डियों से जुड़ी इस गंभीर बीमारी के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए किया जाता है। ये दिन सबसे पहले 12 अक्टूबर, 1996 को मनाया गया था। इसे अर्थराइटिस एंड रूमेटिज्म इंटरनेशनल (ARI) द्वारा आयोजित किया गया था। तभी से इस दिन को अंतरराष्ट्रीय लेवल पर जागरूकता और बचाव के उद्देश्य से मनाया जाने लगा है।
भारत ने लीमा में हाल में संपन्न अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) जूनियर विश्व चैंपियनशिप में 17 स्वर्ण समेत 43 पदक जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया। भारतीय निशानेबाजों ने पेरू की राजधानी के लास पाल्मास निशानेबाजी परिसर में जूनियर स्तर के शीर्ष प्रतियोगिता के आखिरी दिन सभी उपलब्ध 12 पदक जीते। विजयवीर सिद्धू, रिदम सांगवान, अर्जुन सिंह चीमा और शिखा नरवाल ने अंतिम दिन भारत के लिए स्वर्ण पदक जीते, जिससे स्वर्ण पदकों की संख्या 17 तक पहुंच गयी। भारत ने इसके साथ ही 16 रजत और 10 कांस्य पदक जीते।
तेलंगाना सरकार ने हाल ही में कहा कि उसने कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए देश का पहला स्मार्टफोन आधारित ‘ई-वोटिंग’ ऐप विकसित किया है। सरकार ने एक बयान में कहा कि इस ऐप को सफलतापूर्वक विकसित कर लिया गया है। तेलंगाना सरकार देश में पहली बार स्मार्टफोन आधारित ‘ई-वोटिंग’ सिस्टम के ड्राई रन की तैयारी कर रही है।
भारतीय पेशेवर फुटबॉलर और भारतीय राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के कप्तान – सुनील छेत्री ने हाल ही में माले में SAFF चैंपियनशिप में नेपाल के खिलाफ मैच में अपना 77वां अंतर्राष्ट्रीय गोल किया। इसी के साथ उन्होंने ब्राजील के पूर्व दिग्गज फुटबॉलर पेले के गोल टेबल की बराबरी कर ली है। यह रिकॉर्ड उन्होंने भारत के लिए अपने 123वें मैच में बनाया।
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद ने एक मौलिक अधिकार के रूप में “स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण तक पहुंच” को मान्यता देते हुए एक प्रस्ताव पारित किया है। इसे जलवायु परिवर्तन से लड़ने के लिए मील के पत्थर के रूप में देखा जा रहा है। इस संबंध में प्रस्ताव कोस्टा रिका, मालदीव, मोरक्को, स्लोवेनिया और स्विटजरलैंड द्वारा पेश किया गया था।