चरणजीत सिंह चन्नी के तौर पर पंजाब को अपना अगला मुख्यमंत्री मिल गया है। राजभवन में राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने चन्नी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। चरणजीत सिंह चन्नी रामदसिया सिख समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार में 16 मार्च 2017 को 47 साल की उम्र में कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। चमकौर साहिब सीट से चन्नी तीसरी बार विधायक हैं।
फेसबुक इंडिया ने कहा कि उसने पूर्व आईएएस अधिकारी और उबर के पूर्व कार्यकारी राजीव अग्रवाल को अपना सार्वजनिक नीति निदेशक नियुक्त किया है। वह पद पर अंखी दास की जगह लेंगे, जिन्होंने एक विवाद में फंसने के बाद पिछले साल अक्टूबर में पद छोड़ दिया था। इस भूमिका में अग्रवाल फेसबुक इंडिया के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अजित मोहन के अधीन काम करेंगे और भारतीय नेतृत्व टीम का हिस्सा होंगे।
हिंदू यूनिवर्सिटी ऑफ अमेरिका ने अभिनेता अनुपम खेर को हिंदू अध्ययन में डॉक्टरेट की मानद उपाधि प्रदान की है। फ्लोरिडा स्थित विश्वविद्यालय ने 18 सितंबर को यहां एक विशेष कार्यक्रम में एक्टर को हिंदू अध्ययन में पीएचडी की मानद उपाधि प्रदान की। अनुपम खेर ने कहा कि यह उपाधि मुझे हिंदू धर्म के दर्शन, दुनिया की सबसे पुरानी संस्कृति के दर्शन के बारे में बात करने के लिए एक मंच प्रदान करेगी।
छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय अब राजा शंकर शाह के नाम से जाना जाएगा। इसकी घोषणा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जबलपुर में अमर शहीद जनजातीय नायक राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के 164वां बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए की। राजा शंकर शाह गोंडवाना साम्राज्य के राजा थे। राजा शंकर शाह ने अपनी मातृभूमि को अंग्रेजों से स्वतंत्रत कराने के लिए युद्ध का आव्हान किया। इस संग्राम में कुंवर रघुनाथ ने अपने पिता राजा शंकर शाह का बढ़-चढकऱ सहयोग दिया।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए सीमा सड़क संगठन ने पहली बार अपनी आरसीसी कंपनी की कमान किसी महिला सैन्य अधिकारी को सौंपी है। संगठन की ओर से मेजर आइना को देहरादून की आरसीसी कंपनी की कमान सौंपी गई है। मेजर आइना के नेतृत्व में कैप्टन अंजना, एईई भावना जोशी व विष्णु माया को भी नियुक्त किया गया है।
इंग्लैंड के दिग्गज फुटबॉलर और स्ट्राइकर जिमी ग्रीव्स ने 81 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने चेल्सी के साथ अपने करियर की शुरूआत की थी और डेब्यू मैच में ही गोल दागने में सफल रहे थे। उन्होंने क्लब की तरफ से तब 1957-1961 तक रिकॉर्ड 124 गोल दागे थे। उन्होंने टॉटेनहम के लिए 1960-71 तक 379 मैचों में शिरकत किया और इस दौरान 266 गोल दागे। उन्होंने इंग्लैंड की तरफ से 57 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 44 गोल किये थे।
हर साल 18 सितंबर को दुनियाभर में विश्व बांस दिवस मनाया जाता है। बांस धरती पर गर्म उष्णकटिबंधीय और उपोष्णकटिबंधीय भागों में पाया जाता है और ये एक प्राकृतिक वनस्पति है। बांस का वैज्ञानिक नाम बम्बूसाइडी है। विश्व बांस दिवस यानी 18 सितंबर को बांस के रोपण के बारे में जागरूकता बढ़ाने, प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की रक्षा करने, सतत उपयोग सुनिश्चित करने के लिए मनाया जाता है। विश्व बांस दिवस पहली बार औपचारिक रूप से 18 सितंबर 2009 को बैंकॉक में आयोजित किया गया था।
केंद्र सरकार ने पैन कार्ड से आधार को लिंक करने की आखिरी तारीख एक बार फिर बढ़ा दी है। पहले इसकी आखिरी तारीख 30 सितंबर थी लेकिन अब इसे 31 मार्च 2022 तक बढ़ा दिया गया है। इस तारीख तक आधार-पैन लिंक नहीं करने पर पैन कार्ड को निष्क्रिय घोषित कर दिया जाएगा। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने एक बयान में कहा कि कोविड-19 महामारी की वजह से विभिन्न हितधारकों के सामने आ रही समस्या को ध्यान में रखते हुए समयसीमा बढ़ा दी गयी है जिससे अनुपालन में आसानी होगी।
SpaceX ने 15 सितंबर, 2021 को अपनी पहली निजी उड़ान में चार सामान्य लोगों को लॉन्च किया। स्पेसएक्स की पहली “पृथ्वी की परिक्रमा करने वाली यात्रा” में दो प्रतियोगिता विजेता, एक स्वास्थ्य देखभाल कार्यकर्ता के साथ-साथ एक अन्य व्यक्ति शामिल थे। यह अंतरिक्ष पर्यटन में सबसे महत्वाकांक्षी छलांग है।
नीति आयोग ने भारत में शहरी नियोजन क्षमता बढ़ाने के उपायों पर एक रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट का शीर्षक ‘Reforms in Urban Planning Capacity in India’ है। इस रिपोर्ट को नीति आयोग द्वारा संबंधित मंत्रालयों और शहरी और क्षेत्रीय योजना के क्षेत्र में प्रतिष्ठित विशेषज्ञों के परामर्श से विकसित किया गया है।