हाल ही में जापान के प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है। कोविड-19 महामारी के दौरान सरकारी प्रबंधन को लेकर लोगों में व्याप्त अक्रोश के बाद योशीहिदे सुगा को पद से इस्तीफा देना पड़ रहा है। गौरतलब है कि तकरीबन एक वर्ष पहले पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद योशीहिदे सुगा जापान के प्रधानमंत्री बने थे। योशीहिदे सुगा उस समय शिंजो आबे की सरकार में मुख्य कैबिनेट सचिव के तौर पर कार्य कर रहे थे। कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी और आर्थिक गिरावट के अलावा योशीहिदे सुगा को चीन सहित कई अन्य चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा था। ज्ञात हो कि जापान में एक बहुदलीय, द्विसदनीय और प्रतिनिधि लोकतांत्रिक संवैधानिक राजतंत्र है। जापान ने संविधान की सर्वोच्चता के साथ एकात्मक मॉडल को अपनाया है। जापान की शासन प्रणाली में भी विधायिका, कार्यपालिका एवं न्यायपालिका शामिल हैं। जापान का सम्राट राज्य का प्रमुख होता है और प्रधानमंत्री, सरकार एवं मंत्रिमंडल का प्रमुख होता है। सम्राट के पास नाममात्र के औपचारिक अधिकार होते हैं। विधायिका को ‘नेशनल डाइट’ (National Diet) के रूप में जाना जाता है, जिसके सदस्य प्रत्यक्ष तौर पर चुने जाते हैं। भारतीय संविधान में जापान के संविधान से कई प्रावधान शामिल किये गए हैं, जिसमें ‘विधि द्वारा स्थापित प्रक्रिया’ का प्रावधान भी शामिल है।
‘अमेज़न इंडिया’ ने ‘किसान स्टोर’ नामक एक ऑनलाइन प्लेटफाॅर्म लॉन्च किया है, जो देश भर में किसानों को 8,000 से अधिक कृषि इनपुट जैसे- बीज, कृषि उपकरण और सहायक उपकरण, पौध संरक्षण, पोषण तत्त्व आदि प्राप्त करने में सक्षम बनाएगा। छोटे और मध्यम व्यवसायों (SMBs) द्वारा सूचीबद्ध ये उत्पाद अमेज़न इंडिया पर प्रतिस्पर्द्धी कीमतों पर उपलब्ध होंगे, साथ ही इसमें किसानों के दरवाज़े पर डिलीवरी की अतिरिक्त सुविधा भी उपलब्ध होगी। यह ऑनलाइन स्टोर हिंदी और अंगेज़ी के अलावा तेलुगू, कन्नड़, तमिल और मलयालम जैसी स्थानीय भाषाओं में मौजूद होगा तथा किसान डिजिटल भुगतान का उपयोग करके कृषि इनपुट खरीद सकते हैं। अमेज़न ने किसानों के लिये स्टोर मालिकों की मदद से खरीदारी करने हेतु 5,000 से अधिक ‘अमेज़न इज़ी स्टोर’ नेटवर्क भी खोला है, जो उन्हें ब्राउज़ करने, उत्पाद की पहचान करने, उनका अमेज़न खाता बनाने और ऑर्डर देने में मदद करेगा। इन स्टोरों में 20 से अधिक ब्रांडों के हज़ारों उत्पाद सूचीबद्ध हैं। यह स्टोर किसानों के लिये एक अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र बनाने हेतु पहला कदम है, जो उन्हें एक क्लिक पर ऑर्डर देने और उनकी पसंद के उत्पादों को घर बैठे प्राप्त करने में सक्षम बनाएगा।
सेंट्रल अमेरिकी देश अल सल्वाडोर 7 सितंबर को दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया है, जहां क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन को लीगल टेंडर या आधिकारिक करेंसी का दर्जा दे दिया गया है। अल सल्वाडोर ने कुछ महीने पहले ही अपने इस इरादे की जानकारी दे दी थी। इस देश के राष्ट्रपति नईब बुकेले (Nyib Bukele) की सरकार ने बिटकॉइन को आधिकारिक दर्जा देने का कदम तब उठाया है, जब इसे लेकर वहां की जनता में बहुत भरोसा नहीं है और अंतरराष्ट्रीय मंच से उपभोक्ताओं के लिए जोखिमों का हवाला दिया जा रहा है। बुकेले की सरकार का दावा है कि इस कदम से कई देशवासियों की पहली बार बैंक सेवाओं तक पहुंच बनेगी।
हरियाणा सरकार ने प्राण वायु देवता (Pran Vayu Devta) नाम से एक अनोखी पेंशन स्कीम (Pension Scheme) की शुरुआत की है। इसके तहत खट्टर सरकार ने 75 साल से ऊपर की उम्र वाले पेड़ों को पेंशन देने की योजना बनाई है। इन पेड़ों की देखभाल करने वालों को सालाना 2500 रुपये पेंशन देने का फैसला किया गया है। इस स्कीम से पुराने किसानों और भूमिहीन मजदूरों को लाभ तो होगा ही, साथ ही पेड़ों की कटाई पर रोक लगेगी। इसके अलावा पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा और हवा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
भारतीय मूल के हेमंत धनजी आस्ट्रेलिया सुप्रीम कोर्ट के जज नियुक्त हुए हैं। सिडनी बैरिस्टर एनएसडब्ल्यू (NSW) के सुप्रीम कोर्ट में जज की भूमिका निभाने वाले भारतीय मूल के पहले आस्ट्रेलियाई बन गए हैं। धनजी को साल 1990 में एक लीगल प्रैक्टिशनर के तौर पर भर्ती कराया गया था और उनके पास तीन दशकों से ज्यादा का कानूनी अनुभव है। धनजी के पास तीन दशकों से अधिक का कानूनी अनुभव भी है।
केंद्र सरकार ने 8 सितंबर, 2021 को कपड़ा क्षेत्र के लिए 10,683 करोड़ रुपये की उत्पादन-लिंक्ड प्रोत्साहन (PLI) योजना को मंजूरी दी है। घरेलू विनिर्माण और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए इस PLI योजना को मंजूरी दी गई है। यह योजना 7.5 लाख से अधिक लोगों के प्रत्यक्ष अतिरिक्त रोजगार सृजित करने में मदद करेगी।
सुरक्षा पर कैबिनेट समिति (Cabinet Committee on Security) ने 8 सितंबर 2021 को एयरबस से 56 परिवहन विमानों की खरीद को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय भारतीय वायु सेना के परिवहन बेड़े को एक बड़ा प्रोत्साहन प्रदान करेगा। C-295MW परिवहन विमान खरीदने के इस सौदे पर 20,000 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च आएगा। यह भारत में अपनी तरह का पहला सौदा है। सभी विमान स्वदेशी इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सूट के साथ बनाये जाएंगे।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। इस बार टी20 वर्ल्ड कप के लिए BCCI ने टीम इंडिया के साथ बतौर मेंटर भारत के पूर्व दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को जोड़ा है। टी20 वर्ल्ड कप में महेंद्र सिंह धोनी टीम इंडिया के मेंटर की भूमिका में दिखेंगे। धोनी ने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर से संन्यास ले लिया था। वह भारत के लिए अंतिम मैच 2019 विश्व कप सेमीफाइनल में खेले थे। माना जा रहा है कि उन्हें सीमित ओवरों की क्रिकेट के लिए रणनीति तैयार करने में उनके अनुभव को देखते हुए इस भूमिका के लिए चुना गया है।
पदमश्री विजेता व इंटरनेशनल गोल्फर जीव मिल्खा सिंह ने एक बड़ी उपबल्धि हासिल की है। देश के इस स्टार गोल्फ खिलाड़ी को बड़ा सम्मान मिला है। जीव मिल्खा सिंह को दुबई का 10 साल का गोल्डन वीजा मिला है। ऐसा करने वाले जीव मिल्खा सिंह पहले गोल्फर बने हैं। जीव मिल्खा सिंह उड़न सिख मिल्खा सिंह के बेटे हैं। भारतीय गोल्फर जीव मिल्खा सिंह 10 साल का दुबई गोल्डन वीजा हासिल करने वाले दुनिया के पहले प्रोफेशनल गोल्फर बन गए हैं।
हिमालय के संरक्षण को लेकर हर साल 9 सितंबर को हिमालय दिवस मनाया जाता है। हिमालय में बेशकीमती जड़ी-बूटियां भी पायी जाती हैं। हिमालय दिवस की शुरुआत आधिकारिक तौर पर 9 सितंबर, 2014 को उत्तराखंड के तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत ने की थी, जिसका उद्देश्य यह है कि एक ऐसा दिन हो जो हिमालय के पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण का संदेश फैलाने के लिए पूरे राज्य में मनाया जाए।
यह भी पढ़ें