केंद्र सरकार ने अभय कुमार सिंह को देश में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने के लिए हाल में गठित सहकारिता मंत्रालय का संयुक्त सचिव नियुक्त किया है। अभय कुमार सिंह भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2004 बैच के बिहार कैडर के अधिकारी हैं और उन्हें नवनिर्मित मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है। मंत्रालय में उनका कुल सात साल का संयुक्त कार्यकाल होगा।
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि अयोध्या में राम जन्मभूमि परिसर तक जाने वाली सड़क का नाम कल्याण सिंह मार्ग रखा जाएगा। इसके साथ ही अलीगढ़ एयरपोर्ट का नाम भी कल्याण सिंह के नाम पर रखने का विचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि इसको लेकर कैबिनेट में जल्द फैसला हो सकता है। कल्याण सिंह अलीगढ़ के अतरौली में ही जन्मे थे। कल्याण सिंह दो बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। वहीं, केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद उन्हें राजस्थान और हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल भी बनाया गया था।
केंद्र सरकार ने 6 लाख करोड़ रुपये के नेशनल मोनेटाइजेशन पाइपलाइन (National Monetisation Pipeline) का घोषणा किया है। इस स्कीइम के जरिए रोड, रेलवे से लेकर पावर सेक्टiर में इंफ्रा एसेट्स से मोनेटाइजेशन किया जाएगा। इसका मकसद इंफ्रास्ट्रक्चर एसेट्स को मोनेटाइज करना है, जिसमें एनर्जी से लेकर रोड और रेलवे सेक्टर शामिल हैं।
दिल्ली में वायु प्रदूषण को कम करने के मकसद से देश का पहला स्मॉग टावर कनॉट प्लेस में लगाया गया है। अमेरिकी तकनीक से बना यह स्मॉग टावर हवा में प्रदूषण की मात्रा को कम करेगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कनॉट प्लेस में 23 अगस्त 2021 को देश के पहले स्मॉग टावर का उद्घाटन किया। इस दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल ने बताया कि अगर इस प्रोजेक्ट के नतीजे बेहतर रहे, तो पूरी दिल्ली में ऐसे और स्मॉग टावर लगाए जाएंगे।
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी अपूर्व चंद्र ने 23 अगस्त 2021 को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में बतौर सचिव पदभार ग्रहण किया। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि महाराष्ट्र कैडर के 1988 बैच के आईएएस अधिकारी चंद्र श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सचिव भी रहे। उन्होंने रक्षा मंत्रालय में महानिदेशक (अधिग्रहण) के रूप में भी काम किया है। उन्होंने नयी रक्षा खरीद प्रक्रिया का मसौदा तैयार करने वाली समिति की अध्यक्षता भी की। उन्होंने 2013 और 2017 के बीच चार साल से अधिक समय तक महाराष्ट्र सरकार में प्रधान सचिव (उद्योग) के रूप में सेवा दी।
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) ने देश की सबसे बड़ी कार विनिर्माता मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड पर अनुचित व्यापार व्यवहार में शामिल होने पर 200 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही सीसीआई ने कंपनी को प्रतिस्पर्धा रोधी व्यवहारों में शामिल नहीं होने तथा इन्हें बंद करने का निर्देश भी दिया है।
भारत और रूस ने 20 अगस्त 2021 को AK-103 राइफल खरीदने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह सौदा मेगा इन्फैंट्री आधुनिकीकरण कार्यक्रम के एक भाग के रूप में किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत, भारतीय सेना के लिए रूस से कई AK-103 श्रृंखला की असॉल्ट राइफलें खरीदी जा रही हैं। आपातकालीन खरीद या आपातकालीन वित्तीय शक्तियों के प्रावधानों के तहत सौदे को अंतिम रूप दिया गया था, जो तीनों सेवाओं को तत्काल खरीदारी करने के लिए दिए गए हैं।
भारत के अमित खत्री ने केन्या की राजधानी नैरोबी में अंडर-20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10 हजार मीटर पैदल चाल में रजत पदक हासिल किया है। अमित खत्री ने यह दूरी 42 मिनट 17 दशमलव चार नौ सेकेंड में पूरी की। जबकि इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक केन्या के हेरिस्टोन वानयोनी ने जीता। उन्होंने यह दूरी 42 मिनट 10 दशमलव आठ-चार सेकेंड में तय की। इससे पहले अमित ने इस साल 10 हजार मीटर पैदल चाल में एक नया राष्ट्रीय अंडर-20 रिकार्ड कायम किया था।
लोक और जनजातीय कला चित्रों पर अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी “रीतियों से कलाकृतियों का सफर” नई दिल्ली में शुरू हुई। इसमें 7 देशों- भारत, दक्षिण कोरिया, इंडोनेशिया, म्यांमार, श्रीलंका, बांग्लादेश और नेपाल की लोक और जनजातीय पेंटिंग प्रदर्शित की गयी हैं। इस विशेष प्रदर्शनी (18 अगस्त से 3 सितंबर तक) को ओडी आर्ट सेंटर के सहयोग से राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय और हस्तकला अकादमी, नई दिल्ली द्वारा क्यूरेट किया गया है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस साल मार्च में प्रधानमंत्री मोदी की बांग्लादेश यात्रा के दौरान भारत और बांग्लादेश के बीच हस्ताक्षरित आपदा प्रबंधन, लचीलापन और शमन के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता ज्ञापन (MoU) को मंजूरी दी है। यह आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में तैयारियों, प्रतिक्रिया और क्षमता निर्माण के क्षेत्रों को मजबूत करने में भी मदद करेगा। इस समझौता ज्ञापन में परिकल्पना की गई है कि दोनों देश राहत, प्रतिक्रिया, पुनर्निर्माण और रिकवरी के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर आपदा के समय एक-दूसरे को पारस्परिक समर्थन देंगे। दोनों देश प्रासंगिक सूचनाओं, रिमोट सेंसिंग और अन्य वैज्ञानिक डेटा का आदान-प्रदान भी करेंगे। भारत और बांग्लादेश उन्नत सूचना प्रौद्योगिकी, पूर्व चेतावनी प्रणाली, सुदूर संवेदन और नेविगेशन सेवाओं और आपदा तैयारी, प्रतिक्रिया और शमन और वास्तविक समय डेटा साझा करने के लिए विशेषज्ञता के क्षेत्र में सहयोग का विस्तार करेंगे। वे आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में अधिकारियों के प्रशिक्षण का भी समर्थन करेंगे और द्विपक्षीय रूप से संयुक्त आपदा प्रबंधन अभ्यास करेंगे।