भारतीय हॉकी टीम ने 41 साल बाद ओलंपिक में पदक हासिल कर लिया है। भारत ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक के मुकाबले में जर्मनी को हरा दिया। भारत ने मैच में शुरुआत में पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी की और जर्मनी के खिलाफ मैच को 5-4 से जीत लिया। टीम इंडिया ने इससे पहले आखिरी बार हॉकी में साल 1980 में ओलंपिक मेडल जीता था।
हिंदी और डोगरी की वरिष्ठ लेखिका पद्मा सचदेव के निधन की खबर से कला जगत शोकाकुल है। डोगरी लोक गीतों से प्रभावित होकर करीब 12 साल की उम्र से ही कविता लिखने वाली पद्मा साहित्य जगत के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के लोगों में भी बेहद पॉपुलर थीं। डोगरी की आधुनिक कवयित्री पद्मा सचदेव का कविता संग्रह ‘मेरे गीत’ को 1971 में पुरस्कार मिला था। उनकी किताब ‘चित चेते’ के लिए 2016 में 25वें सरस्वती पुरस्कार से सम्मानित की गई थीं।
इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने हाल ही में इतिहास रच दिया। भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में 22 रन बनाते ही वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक 15739 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। इस मामले में उन्होंने एलेस्टेयर कुक को पीछे छोड़ दिया। पहली पारी के 33वें ओवर में सिराज की गेंद पर चौके के साथ रूट ने यह उपलब्धि हासिल की। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रूट के नाम 15739 रन से ज्यादा हो गए हैं। वहीं, कुक ने इंग्लैंड के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 15737 रन बनाए हैं। तीसरे व चौथे नंबर पर केविन पीटरसन (13779) और इयान बेल (13331) हैं।
भारतीय बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने यादगार प्रदर्शन करते हुए ओलम्पिक में कांस्य पदक अपने नाम किया है। 4 अगस्त 2021 को 69 किलो वेल्टरवेट कैटेगरी के सेमीफाइनल में लवलीना को तुर्की की वर्ल्ड नंबर-1 मुक्केबाज बुसेनाज सुरमेनेली ने 5-0 से शिकस्त दी। इसी के साथ लवलीना बोरगोहेन ओलंपिक मुक्केबाजी इवेंट में पदक जीतने वाली तीसरी भारतीय बॉक्सर बन गई हैं। इससे पहले विजेंदर सिंह और एमसी मैरीकॉम यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला ने वोडाफोन आइडिया के गैर कार्यकारी निदेशक व गैर कार्यकारी चेयरमैन के पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने कहा है कि बिड़ला का इस्तीफा मंजूर करने के साथ ही बोर्ड ने हिमांशु कपानिया को कंपनी के मौजूदा गैर कार्यकारी निदेशक को गैर कार्यकारी चेयरमैन चुना है। कपानिया आदित्य बिड़ला समूह द्वारा मनोनीत हैं। उन्हें दूरसंचार क्षेत्र का 25 साल का अनुभव है।
श्रीलंका के रत्नापुरा में दुनिया का सबसे बड़ा नीलम (एक कीमती रत्न) मिला है। पत्थर का रंग हल्का नीला होता है। यह मजदूरों को एक रत्न व्यापारी के घर में कुआं खोदते समय मिला था। रत्नापुर को देश की रत्न राजधानी के रूप में जाना जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में धूमिल नीले रंग के इस नीलम की कीमत लगभग 100 मिलियन डॉलर (तकरीबन साढ़े सात अरब रुपये) होगी।
हाल ही में भारत और बांग्लादेश के बीच 50 वर्षों से अधिक समय से बंद पड़े हल्दीबाड़ी - चिलाहाटी रेलवे मार्ग की बहाली के माध्यम से मालगाड़ियों का नियमित संचालन शुरू किया गया, जो दोनों देशों के बीच रेलवे संपर्क और द्विपक्षीय व्यापार को मज़बूत करेगा। हल्दीबाड़ी-चिलाहाटी रेल लिंक एक ऐसा मार्ग है जो वर्ष 1965 तक संचालन में था। वर्ष 2021 की समाप्ति तक अगरतला-अखौरा के बीच एक और रेल लिंक का संचालन किया जाएगा।
भारत ने 4 अगस्त 2021 को इस बात पर जोर दिया कि दक्षिण चीन सागर पर आचार संहिता पूरी तरह से प्रासंगिक संयुक्त राष्ट्र संधि के अनुरूप होनी चाहिए और इस पर बातचीत से उन देशों के वैध अधिकारों और हितों पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए जो चर्चा में शामिल नहीं हैं। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पूर्व एशिया शिखर सम्मेलन (ईएएस) की एक बैठक को डिजिटल तरीके से संबोधित करते हुए समूह के विभिन्न सदस्यों के बीच हिंद-प्रशांत क्षेत्र पर दृष्टिकोण के बढ़ते अभिसरण पर भी प्रकाश डाला।
Crime and Criminal Tracking Networking System (CCTNS) के तहत हरियाणा पुलिस ने देश में पहला स्थान हासिल किया है। हरियाणा को शत-प्रतिशत अंक मिले हैं। गुजरात पुलिस ने दूसरा और हिमाचल प्रदेश पुलिस ने तीसरा स्थान हासिल किया है। CCTNS का मुख्य उद्देश्य ई-गवर्नेंस के माध्यम से प्रभावी पुलिसिंग के लिए व्यापक और एकीकृत प्रणाली प्रदान करना है। कैबिनेट द्वारा 2009 में इसकी मंजूरी के बाद CCTNS परियोजना के लिए 2000 करोड़ रुपये जारी किये गये थे। इसे राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (National Crime Records Bureau – NCRB) द्वारा लागू किया जाता है और यह परियोजना भारत सरकार की राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस योजना के तहत आती है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो गृह मंत्रालय के अंतर्गत आता है। इसका मुख्यालय नई दिल्ली में है और रामफल पवार इसके वर्तमान निदेशक हैं।
PhonePe भारत में अपने म्यूचुअल फंड (MF) सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) और अन्य उत्पादों के लिए UPI आधारित ऑटोपे फंक्शन लॉन्च करने वाला पहला डिजिटल निवेश मंच बन गया है। UPI AutoPay फ़ंक्शन मौजूदा और नए निवेशकों के लिए PhonePe एप्प पर उपलब्ध होगा। SIP म्यूचुअल फंड द्वारा पेश किया जाने वाला एक निवेश मार्ग है। SIP में कोई भी व्यक्ति नियमित अंतराल पर अपनी इच्छा के अनुसार एक निश्चित राशि को म्यूचुअल फंड योजना में निवेश कर सकता है। SIP ओपन एंडेड होते हैं। ग्राहक किसी भी समय SIP शुरू कर सकते हैं, रोक सकते हैं, फिर से शुरू कर सकते हैं और समाप्त कर सकते हैं। PhonePe की स्थापना 2015 में हुई थी और बाद में इसे 2016 में Flipkart द्वारा अधिग्रहित कर लिया गया था। इसका मुख्यालय मुंबई में है और समीर निगम PhonePe के वर्तमान सीईओ हैं।