भारत की भीम यूपीआई को हाल ही में भूटान में लॉन्च किया गया है। वर्चुअल लॉन्च के मौके पर निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत से हर साल 2 लाख से ज्यादा लोग भूटान घूमने जाते हैं। भूटान एकमात्र ऐसा देश बन जाएगा जो रुपे कार्ड जारी करने और स्वीकार करने के साथ-साथ भीम-यूपीआई को भी स्वीकार करेगा। इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (NIPL) ने बयान जारी करते हुए कहा है कि भूटान अब पहला देश बन गया है जिसने भारत की भीम-यूपीआई के क्यू आर कोड को अपने देश में मान्यता दी है।
शंघाई सहयोग संगठन की बैठक हाल ही में ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे शहर में आयोजित की गई। भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए इस बैठक में भाग लिया। उन्होंने SCO से आतंकवाद के वित्तपोषण को रोकने का आग्रह किया। इस बैठक में रूस, चीन और पाकिस्तान के विदेश मंत्री भी शामिल हुए। इसमें अफगानिस्तान की स्थिति के साथ-साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य और आर्थिक सुधार पर चर्चा की गई।
देश का पहला 'ग्रेन एटीएम' गुरुग्राम में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। यह मशीन एक बार में पांच से सात मिनट के भीतर 70 किलो तक अनाज निकाल सकती है। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अब उपभोक्ताओं को खाद्यान्न लेने के लिए सरकारी राशन डिपो के सामने कतार में नहीं लगना पड़ेगा, क्योंकि हरियाणा सरकार उपभोक्ताओं को 'अनाज एटीएम' उपलब्ध कराएगी।
पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति ममनून हुसैन की 14 जुलाई 2021 को कराची में निधन में हो गया। पूर्व राष्ट्रपति के बेटे अर्सलन ममनून ने इस बात की पुष्टि की है। ममनून हुसैन 80 साल के थे। ममनून हुसैन पाकिस्तान के 12वें राष्ट्रपति थे। ममनून हुसैन का जन्म भारत के आगरा जिले में 23 दिसंबर 1940 को हुआ था। ममनून हुसैन ने इंस्टीच्यूट ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, कराची से एमबीए की डिग्री हासिल की थी।
भारतीय महिला टेनिस स्टार सानिया मिर्जा को दुबई का गोल्डन वीजा मिला है। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान और संजय दत्त के बाद सानिया मिर्जा यह वीजा पाने वालीं तीसरी भारतीय बन गई हैं। यह वीजा मिलने के बाद सानिया अपने पति पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शोएब मल्लिक के साथ 10 साल तक यूएई में रह सकती हैं। यह वीजा हर किसी को नहीं मिलता है। दुबई का गोल्डन वीजा कुछ खास वर्ग के लोगों को दी जाती है, जिसमें निवेशक, उद्यमी, उत्कृष्ट प्रतिभा वाले व्यक्ति मसलन शोधकर्ता, मेडिकल पेशेवर, वैज्ञानिक और छात्र शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने North Eastern Institute of Folk Medicine (NEIFM के नाम को North Eastern Institute of Ayurveda & Folk Medicine Research (NEIAFMR) के रूप में बदलने के लिए अपनी मंजूरी दे दी है। NEIFM अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट में स्थित है। यह प्रणालीगत अनुसंधान, पारंपरिक लोक चिकित्सा के प्रलेखन और क्षेत्र की औषधीय प्रथाओं के लिए स्थापित किया गया था।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग के लिए भारत और डेनमार्क के स्वास्थ्य मंत्रालयों बीच एक समझौता ज्ञापन को मंजूरी दे दी है। विज्ञप्ति के अनुसार द्विपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) स्वास्थ्य क्षेत्र में संयुक्त पहल और प्रौद्योगिकी विकास के जरिए दोनों देशों के स्वास्थ्य मंत्रालयों के बीच सहयोग को प्रोत्साहित करेगा। इससे भारत और डेनमार्क के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती मिलेगी। इसमें कहा गया है कि इससे दोनों देशों के लोगों के स्वास्थ्य की स्थिति में सुधार होगा।
वियतनाम ने बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए जॉनसन एंड जॉनसन की कोविड-19 वैक्सीन के आपात इस्तेमाल को मंजूरी दे दी है। देश में लगातार बढ़ रहे संक्रमण के मामलों पर लगाम लगाने और वैक्सीन की आपूर्ति को बढ़ावा देने के लिए ये कदम उठाया गया है। जॉनसन एंड जॉनसन की वैक्सीन को मंजूरी, दक्षिण पूर्व एशियाई देश में समर्थित छठा ब्रांड है। वियतनाम अब तक के सबसे खराब कोरोना संक्रमण के दौर से गुजर रहा है।
आंध्र प्रदेश सरकार ने ओबीसी प्रमाण पत्र जारी करने के लिए आय सीमा 6 लाख से से 8 लाख रुपये कर दी है। आंध्र प्रदेश सरकार ने शैक्षणिक संस्थान में प्रवेश और नियुक्तियों के लिए आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (ईडब्ल्यूएस) के लिए 15 जुलाई 2021 से 10 प्रतिशत आरक्षण लागू करना शुरू कर दिया है।
हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने न्यायपालिका के बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए केंद्र प्रायोजित योजना (CSS) को आगामी पांच वर्षों यानी वर्ष 2026 तक जारी रखने की मंज़ूरी दे दी है। इस योजना के कार्यान्वयन के लिए ग्राम न्यायालय योजना तथा न्याय वितरण और कानूनी सुधार के लिए राष्ट्रीय मिशन के ज़रिये मिशन मोड में 50 करोड़ रुपए आवंटित किये जाएंगे।