रंजीत सिंह दिसाले को विश्व बैंक में नए शिक्षा सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया है। दिसाले को जून, 2021 से जून, 2024 के लिए विश्व बैंक का शैक्षिक सलाहकार बनाया गया है। दिसाले को लड़कियों की शिक्षा और क्यूआर कोड आधारित किताबों के अभियान को बढ़ावा देने के लिए ग्लोबल टीचर अवॉर्ड से नवाजा गया था। उन्होंने साल 2009 में मवेशियों वाले बाडे़ को स्कूल में बदलकर शिक्षण कार्य शुरू किया।
हाल ही में भारत को संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक परिषद (United Nations Economic and Social Council) के लिए 2022-24 की अवधि के लिए चुना गया है। संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक परिषद संयुक्त राष्ट्र विकास प्रणाली के केंद्र में है और एक स्थायी दुनिया के लिए सामूहिक कार्रवाई को बढ़ावा देने के लिए लोगों और मुद्दों को एक साथ लाता है।
मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद संयुक्त राष्ट्र की 76वीं महासभा के अध्यक्ष चुने गए हैं। मालदीव ने दिसंबर 2018 में शाहिद को प्रत्याशी बनाने की घोषणा की थी। भारत ने नवंबर 2020 में विदेश सचिव की मालदीव यात्रा के दौरान उन्हें समर्थन देने की घोषणा की थी। मालदीव को कुल 143 वोट मिले, वहीं अफगानिस्तान को 48 वोट मिले। उनका कार्यकाल 2021-22 होगा।
प्रत्येक साल 8 जून को विश्व महासागर दिवस (World Ocean Day) मनाया जाता है। यह दिवस मुख्य रूप से लोगों के महासागरों के प्रति जागरूक करने के लिए मनाया जाता है। इस दिवस पर हर साल एक नई थीम का चुनाव किया जाता है। इस साल की विश्व महासागर दिवस की थीम 'द ओशन: लाइफ एंड लाइवलीहुड' रखी गई है। पहला विश्व महासागर दिवस 8 जून 2009 को मनाया गया था।
विश्व ब्रेन ट्यूमर दिवस (World Brain Tumor Day) प्रतिवर्ष '8 जून' को मनाया जाता है। पहली बार इसे जर्मन ब्रेन ट्यूमर एसोसिएशन द्वारा आयोजित किया गया था। यह संगठन लोगों को ब्रेन ट्यूमर के बारे में जागरूक करने का काम करता है। इसे मनाने का मकसद यही है कि लोग ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर समस्या के बारे में जानें और जागरूक (Aware) हों, ताकि इससे बचाव हो सके।
भारत ने एक वैश्विक पहल-मिशन इनोवेशन क्लीनटेक एक्सचेंज लॉन्च किया, जो स्वच्छ ऊर्जा नवाचार में तेजी लाने के लिए सदस्य देशों में एक नेटवर्क तैयार करेगा। इस मिशन को वर्चुअली चिली द्वारा आयोजित “Innovating to Net Zero Summit, 2021” में लॉन्च किया गया। स्वच्छ ऊर्जा को दशकों तक किफायती, आकर्षक और सुलभ बनाने के उद्देश्य से और पेरिस समझौते और शुद्ध-शून्य उत्सर्जन की दिशा में कार्रवाई को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह मिशन शुरू किया गया है।
विश्व बैंक ने भारत के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम-एमएसएमई क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के लिए 50 करोड डॉलर के सहायता कार्यक्रम को स्वीकृति दी है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पांच लाख पचास हजार उद्यमों के प्रदर्शन में सुधार करना है। एमएसएमई क्षेत्र की सहायता के लिए यह विश्व बैंक का दूसरा कार्यक्रम है। इससे पहले पिछले वर्ष जुलाई में 75 करोड डॉलर के आपात कार्यक्रम को मंजूरी दी गई थी।
दिल्ली सरकार ने 'जहां वोट वहां वैक्सीनेशन' अभियान की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर वैक्सीन की कमी नहीं हुई तो चार हफ्ते के अंदर 45 साल से ऊपर की उम्र के हर व्यक्ति को दिल्ली में वैक्सीन लगा दी जाएगी। दिल्ली में 45 से ऊपर की उम्र के लगभग 57 लाख लोग हैं। इसमें से 27 लाख लोगों को पहली डोज लगाई जा चुकी है। 30 लाख लोग बचे हैं, इन 30 लाख लोगों को पहली डोज लगानी है।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 6-8 के छात्रों के लिए कोडिंग और कक्षा 8-12 के लिए डेटा साइंस विषय शुरू करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के साथ सहयोग किया है। यह कदम नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप है। ये नए विषय 2021-2022 शैक्षणिक सत्र से लागू होंगे। CBSE के अनुसार, इन विषयों से छात्रों की विश्लेषणात्मक सोच (analytical thinking) और समस्या सुलझाने के कौशल (problem-solving skills) विकसित होने की उम्मीद है।
डेनमार्क सरकार ने लिनेटहोम (Lynetteholm) नामक एक कृत्रिम द्वीप के निर्माण के लिए मंजूरी दे दी है। यह द्वीप 1 वर्ग मील (2.6 वर्ग किमी) क्षेत्र में होगा और इसके बंदरगाह को बढ़ते समुद्र के स्तर और तूफान से बचाने के लिए इसकी परिधि के चारों ओर एक बांध प्रणाली भी शामिल होगी। यह द्वीप सुरंग सड़कों और मेट्रो लाइनों के माध्यम से मुख्य भूमि से जुड़ा होगा।