आंध्र प्रदेश ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष में 32 लाख 47 हजार जल नल कनेक्शन उपलब्ध कराने की योजना बनाई है। जलशक्ति मंत्रालय ने कहा है कि आंध्र प्रदेश ने आज वीडियो कांफ्रेंस के जरिये अपने जल जीवन मिशन की वार्षिक कार्य-योजना पेश की। राज्य में 95 लाख 66 हजार ग्रामीण परिवार हैं जिनमें से तकरीबन 45 लाख परिवारों को पहले से ही नल के जरिये जल आपूर्ति हो रही है। मंत्रालय ने कहा है कि आंध्र प्रदेश सरकार का उद्देश्य चालू वित्त वर्ष में 13 जिलों और 17 हजार से अधिक गांवों को हर घर जल योजना के दायरे में लाना है। जल जीवन मिशन केंद्र सरकार का एक महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है जिसका उद्देश्य वर्ष 2024 तक प्रत्येक ग्रामीण परिवार को नल के जरिये जलापूर्ति कराना है।
भारत ऊर्जा रूपांतरण सूचकांक में 115 देशों की सूची में 87वें स्थान पर है। यह सूचकांक विभिन्न पहलुओं के आधार पर देशों की ऊर्जा प्रणालियों के वर्तमान प्रदर्शन पर नजर रखता है। विश्व आर्थिक मंच की 21 अप्रैल 2021 को जारी रिपोर्ट के अनुसार ईटीआई के बारे में जानकारी दी गयी है। सूचकांक में शीर्ष दस देशों में पश्चिमी और उत्तरी यूरोप के देश हैं। इस सूची में स्वीडन पहले स्थान पर जबकि नार्वे और यूरोप क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन (68) और भारत (87) की कुल वैश्विक ऊर्जा मांग में सामूहिक रूप से एक तिहाई हिस्सेदारी है।
बिहार सरकार ने उन सरकारी अधिकारियों को विशेष पारिवारिक पेंशन देने का फैसला किया है जिनकी राज्य में कोविड संक्रमण से मृत्यु हो गई थी। यह निर्णय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया।
वित्त मंत्रालय ने पूंजीगत परियोजनाओं पर व्यय के लिए राज्यों को 50 वर्ष के ब्याज मुक्त ऋण के रूप में 15 हजार करोड रूपये तक की अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने का फैसला किया है। व्यय विभाग ने वर्ष 2021-22 के लिए राज्यों को पूंजीगत व्यय में वित्तीय सहयोग योजना के बारे में नये दिशा-निर्देश जारी किये हैं। पूंजीगत व्यय से विशेषकर निर्धन और अकुशल वर्ग के श्रमिकों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होते हैं। इससे अर्थव्यवस्था की उत्पादकता क्षमता बढने से आर्थिक वृद्धि की ऊंची दर सुनिश्चित होती है।
प्लेन ऑफ जार उत्तरी लाओस में स्थित एक प्रसिद्ध पुरातात्विक स्थल है। इसमें घाटियों और जियांगखोआंग पठार की तलहटी के आसपास बिखरे हजारों पत्थर के जार हैं। हाल ही में हुए एक शोध के अनुसार, प्लेन ऑफ जार को संभवतः एक दफन स्थल के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। शोध के अनुसार यह जार 3,000 साल से अधिक पुराने हो सकते हैं।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना योद्धा योजना की शुरूआत की है। सरकार अब कोरोना ड्यूटी के समय जान गंवाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के परिवार के सदस्यों की जिम्मेदारी लेगी। सरकार ऐसे कर्मचारियों के परिवार को 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देगी।
चीन से एक अंतरिक्ष-खनन स्टार्ट-अप ने 27 अप्रैल, 2021 को पृथ्वी की निचली कक्षा में एक रोबोट प्रोटोटाइप लॉन्च किया है, जो एक बड़े नेट/ जाल के साथ अन्य अंतरिक्ष यानों द्वारा छोड़े गए मलबे या कचरे को हटा सकता है। इस NEO-01 को चीन के लॉन्ग मार्च 6 रॉकेट पर अन्य उपग्रहों के साथ लॉन्च किया गया था। यह छोटे आकाशीय पिंडों का निरीक्षण करने के लिए भी अंतरिक्ष के दूरस्थ स्थानों पर पहुंच जाएगा। शेन्ज़ेन स्थित ओरिजिन स्पेस द्वारा विकसित किया गया यह 30 किलो का रोबोट भविष्य की तकनीकों का मार्ग प्रशस्त करेगा जो क्षुद्रग्रहों पर खनन करने में सक्षम होंगी।
विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने आज नई दिल्ली में कहा कि विभिन्न देशों से चिकित्सा उपकरणों और दवाईयों की खेप भारत में पहुंचनी शुरू हो गई है। विदेश सचिव ने कहा कि तरल ऑक्सीजन की आपूर्ति सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि पांच सौ से अधिक ऑक्सीजन उत्पादक संयंत्र और चार हजार ऑक्सीजन कंसंट्रेटर कुछ दिनों में भारत पहुंच जाएंगे। श्रृंगला ने यह भी बताया कि विश्व की कई दवा उत्पादक कंपनियों ने भी रेमडेसिविर, टोसिलजुमाब और फावीपीराविर जैसी दवाईयां देने का भरोसा दिया है। देश में चिकित्सा उपकरणों और दवाईयों की जरूरतें पूरी करने के लिए 40 देशों ने भरोसा दिलाया है।
नागरिक उडडयन मंत्रालय ने प्रायोगिक आधार पर कोविड वैक्सीन की आपूर्ति के लिए तेलंगाना सरकार को ड्रोन उपयोग करने की अनुमति दे दी है। यह अनुमति एक वर्ष की अवधि या अगले आदेश तक मान्य रहेगी। इस महीने के शुरू में आईआईटी कानपुर के सहयोग से ड्रोन के जरिये कोविड वैक्सीन की आपूर्ति के अध्ययन के लिए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद को भी ऐसी ही अनुमति दी गयी थी। इस पहल का उद्देश्य वैक्सीन की तेजी से आपूर्ति और नागरिकों के घर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के जरिये स्वास्थ्य देखभाल सुगम बनाने की प्रक्रिया में सुधार करना है।
प्रसिद्ध न्यायविद् सोली सोराबजी के निधन हो गया है, उन्होंने देश की कानूनी प्रणाली के रुप में काम किया था। वे देश के पूर्व अटार्नी जनरल थे। उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। आजतक टीवी चैनल के वरिष्ठ पत्रकार रोहित सरदाना का भी निधन हो गया है।