ब्यूनस आयर्स में एफ.आई.एच. हॉकी प्रो लीग मैच में भारत ने मौजूदा चैम्पियन अर्जेन्टीना को 3-2 से पराजित कर दिया। इस रोमांचक मैच में दूसरे क्वार्टर की शुरूआत में भारत के लिए हरमनप्रीत ने पैनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल कर टीम को एक-शून्य की बढ़त दिलाई लेकिन तुरंत बाद अर्जेन्टीना के मार्टिन फिरेरियो ने दो गोल दाग दिए और अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। हरमनप्रीत सिंह ने मैच में केवल छह मिनट बाकी रहते एक और गोल दागकर मैच बराबरी पर ला दिया। इसके बाद पैनल्टी शूट आउट में पीआर श्रीजेश की चुस्त गोलकीपिंग की बदौलत, भारत एक और गोल कर 3-2 से जीत दर्ज करने में सफल रहा। इस जीत के साथ भारत एफ.आई.एच. हॉकी प्रो लीग की रैंकिंग में अर्जेन्टीना को पीछे छोड़ पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
विश्व पार्किंसन दिवस 11 अप्रैल को मनाया जाता है। इस दिवस का आयोजन पार्किंसन के बारे में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से किया जाता है। पार्किंसन के कारण चलने-फिरने की गति धीमी पड़ जाती है, मासपेशियां सख्त हो जाती है और शरीर में कंपन की समस्या पैदा हो जाती है।
नागर विमानन मंत्रालय ने श्रीलंका के साथ एयर बबल समझौते को अंतिम रूप दे दिया है। इससे जल्द ही सभी पात्र यात्री दोनों देशों की यात्रा कर सकेंगे। इसके साथ ही श्रीलंका दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन - सार्क का ऐसा छठा देश बन गया है जिसमें भारत के साथ यह समझौता किया है। भारत ने अब तक 28 देशों के साथ ऐसे समझौते किये हैं इनमें अफगानिस्तान, बहरीन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इराक, जापान, मॉलदीव, नाइजीरिया, कतर, संयुक्त अरब अमारात, ब्रिटेन और अमरीका शामिल हैं।
गुजरात में दशनामी परम्परा के प्रख्यात महंत महामंडलेश्वर श्री भारती बाबू का आज सवेरे निधन हो गया। वे 93 वर्ष के थे। अहमदाबाद के पास सरखेज में भारती आश्रम में उन्होंने अंतिम सांस ली।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में चार दिन के विशेष टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करते हुए सभी देशवासियों से चार सिद्धांतों का पालन करने की अपील की है। 1. यानी जो लोग कम पढ़े-लिखे हैं, बुजुर्ग हैं, जो स्वयं जाकर टीका नहीं लगवा सकते, उनकी मदद करें। 2.यानी जिन लोगों के पास उतने साधन नहीं हैं, जिन्हें जानकारी भी कम है, उनकी कोरोना के इलाज में सहायता करें। 3.यानी मैं खुद भी मास्क पहनूं और इस तरह स्वयं को भी Save करूं और दूसरों को भी Save करूं, इस पर बल देना है। 4.किसी को कोरोना होने की स्थिति में, 'माइक्रो कन्टेनमेंट जोन' बनाने का नेतृत्व समाज के लोग करें। जहां पर एक भी कोरोना का पॉजिटिव केस आया है, वहां परिवार - समाज के लोग 'माइक्रो कन्टेनमेंट जोन' बनाएं। इसे महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर आरंभ किया गया है और यह 14 अप्रैल को डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर की जयंती के दिन संपन्न होगा।
चीन सरकार ने दुनिया की सबसे बड़ी ऑनलाइन खुदरा कारोबार कंपनी अलीबाबा पर पौने तीन अरब डॉलर का जुर्माना लगाया है। आरोप है कि इस कंपनी ने कई वर्षों तक बाजार में अपनी मजबूत स्थिति का दुरुपयोग करते हुए कुछ विक्रेताओं को अन्य प्लेटफार्मों पर जाने से रोका। यह जुर्माना 2019 में कंपनी की कमाई के चार प्रतिशत के बराबर है।
कोरोना के बढ़ते केस के कारण यूपी में अब क्लास 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल कॉलेज और कोचिंग को 30 अप्रैल तक बंद रखने के आदेश जारी हुआ हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया है कि पहले से तय परीक्षा होती रहेंगी। इस दौरान जरूरत के हिसाब सेे शिक्षक और अन्य स्टाफ को बुलाया जा सकता है।
विश्व होम्योपैथी दिवस 10 अप्रैल को मनाया गया। होम्योपैथी के महत्व और चिकित्सा की दुनिया में इसके योगदान को उजागर करने के लिए हर वर्ष यह दिवस मनाया जाता है। इस दिन होम्योपैथी के संस्थापक डॉक्टर क्रिश्चियन फ्रेडरिक सैमुअल हैनीमैन की जयंती भी होती है।
विश्व के सबसे बड़े कोविड टीकाकरण अभियान में भारत महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने के करीब है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया है कि 85 दिन के रिकार्ड समय में करीब 10 करोड़ 16 लाख टीके लगाए जा चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 35 लाख से ज्यादा टीके लगाये गये।
जकार्ता एशियाई खेलों में 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में रजत पदक विजेता दुती चंद को छत्तीसगढ़ वीरनी पुरस्कार दिया जाएगा। आज इसकी घोषणा की गई। कोविड महामारी के कारण पुरस्कार समारोह का पहला संस्करण वर्चुअल माध्यम से 14 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा।