केंद्र सरकार ने 1 अप्रैल से 45 वर्ष की आयु से ऊपर के सभी लोगों के लिए कोविड-19 टीकाकरण शुरू करने का फैसला किया है। नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने सभी पात्र लोगों से तुरंत पंजीकरण कराने और टीका लगवाने का अनुरोध किया है।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और इनकी कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले चौबीस घंटों के दौरान 32 लाख से अधिक लोगों को टीके लगाए गये।
विश्व भर में कविता के पठन, लेखन, प्रकाशन और अध्यापन को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक वर्ष 21 मार्च को विश्व कविता दिवस मनाया जाता है। यह दिन सांस्कृतिक और भाषाई अभिव्यक्ति और पहचान के मानवता के सबसे क़ीमती रूपों में से एक है। UNESCO ने पहली बार 1999 में पेरिस में अपने 30वें आम सम्मेलन के दौरान 21 मार्च को विश्व कविता दिवस के रूप में अपनाया, जिसका उद्देश्य काव्य अभिव्यक्ति के माध्यम से भाषाई विविधता का समर्थन करना और लुप्तप्राय भाषाओं को सुनने का अवसर बढ़ाना है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने 157 करोड़ रुपये की लागत से ‘डायल 112’ इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम (ERSS) लॉन्च किया है। राज्य में पुलिस, आग और स्वास्थ्य सहित सभी आपातकालीन सेवाओं के लिए लोग इस टोल-फ्री नंबर पर कॉल कर सकते हैं। राज्य आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र (SERC) और मोबाइल डेटा टर्मिनलों से सुसज्जित आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहनों का भी उद्घाटन किया गया।
भारतीय निशानेबाज गनीमत सेखों और अंगद वीर सिंह बाजवा की जोड़ी ने आईएसएसएफ विश्व कप में स्कीट स्पर्धा के मिक्स टीम वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल कर मेजबान टीम का दबदबा कायम रखा। क्वालीफिकेशन में 141 प्वॉइंट्स के साथ टॉप पर रहने वाली भारतीय जोड़ी ने फाइनल में कजाखस्तान की ओग्ला पनारिना और अलेक्जेंडर येचशेंको की जोड़ी को 33-29 से शिकस्त दी। तालिका में टॉप पर चल रहे भारत के नाम अब सात गोल्ड मेडल हो गए हैं।
भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान के लिए अंतरिक्ष यात्री के तौर पर चयनित चार भारतीय उम्मीदवारों ने रूस में अपना प्रशिक्षण पूरा कर लिया है। 23 मार्च को रूस की ओर से एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गयी। दस हजार करोड़ रूपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अगले साल भारत की स्वतंत्रता के 75वें वर्षगांठ वर्ष में प्रक्षेपित किये जाने की संभावना है। भारतीय वायुसेना के चार लड़ाकू पायलट गगनयान परियोजना के संभावित उम्मीदवार हैं।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा है। जिनके सदन में आज विधायको ने जमकर बवाल काटा। यह बवाल पुलिस को कथित तौर पर बगैर वारंट के गिरफ्तारी की शक्तियां देने वाले एक विधेयक पर मंगलवार को राज्य विधानसभा में हंगामा हुआ। राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ता यहां राजधानी की सड़कों पर उतर आएं। उन्होंने विधान सभा परिसर तक मार्च करने की कोशिश की, जिस दौरान उनकी पुलिस के साथ झड़पें हुई। बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल, 2021 विधेयक को लेकर उनकी पार्टी के विधायकों ने सदन में एक स्थगन प्रस्ताव दिया हुआ था। गौरतलब है कि यह विधेयक पिछले हफ्ते विधानसभा में पेश किया गया था। यह बिहार मिलिट्री पुलिस का नाम बदलने का प्रस्ताव करता है, उसे कहीं अधिक शक्तियां देता है और कथित तौर पर बगैर वारंट के लोगों को गिरफ्तार करने का उसे अधिकार देता है।
प्रख्यात ओडिशी नृत्यांगना लक्ष्मीप्रिया महापात्र का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। लक्ष्मीप्रिया का जन्म खुर्दा जिले में हुआ है। पुरी में मौजूद अन्नपूर्णा रंगमंच पर उन्होंने नृत्य अभिनय किया था।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कक्षा 9 से 12 तक के स्कूलों को केवल परीक्षा के लिए ही खोलने का आदेश दिया है। स्कूलों में पढ़ाई नहीं होगी। 25 से 31 मार्च तक होली की छुट्टियां रहेंगी। वहीं उच्च शिक्षा के संस्थानों में 25 से 31 मार्च के बीच शिक्षण कार्य परिसर में न होकर, ऑनलाइन होगा। सभी विश्वविद्यालय, महाविद्यालयों व संस्थानों को केवल परीक्षा या प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए ही खोला जा सकेगा। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा।
भारत हिमालय के ग्लेशियरों की मोटाई का अनुमान लगाने के लिए हवाई राडार सर्वेक्षण करेगा। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति बेसिन में एक पायलट अध्ययन किया जायेगा। इस पायलट प्रोजेक्ट के बाद, इसी तरह के अध्ययन सिंधु, गंगा और ब्रह्मपुत्र उप-घाटियों में किए जाएंगे। National Centre for Polar and Ocean Research (NCPOR), पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने इस सर्वेक्षण का प्रस्ताव दिया है।
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने संघ लोकसेवा आयोग और अफगानिस्तान के स्वतंत्र प्रशासनिक सुधार और लोकसेवा आयोग के साथ सहमति ज्ञापन पर हस्ताक्षर को मंजूरी दे दी है। इस समझौते से दोनों देशों के आयोगों के बीच संबंध मजबूत होंगे। इससे भर्ती के क्षेत्र में दोनों संस्थानों के अनुभव और विशेषज्ञता का आदान-प्रदान सुगम होगा। समझौते में पुस्तकों, मेनुअल्स और अन्य दस्तावेजों सहित ऐसी सूचना और विशेषज्ञता का आदान-प्रदान भी शामिल है, जो गोपनीय न हो। इससे लिखित परीक्षाओं की तैयारी के लिए सूचना प्रौद्योगिकी के उपयोग और कम्प्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा तथा ऑन लाइन परीक्षाएं कराने में विशेषज्ञता का आदान-प्रदान भी हो सकेगा।
ये क्विज भी करें— Quiz : फरवरी 2021 टॉप 10 करेंट अफेयर्स क्विज
ये क्विज भी करें— Quiz : 20 मार्च 2021 करेंट अफेयर्स क्विज
ये क्विज भी करें— Quiz : 19 मार्च 2021 करेंट अफेयर्स क्विज
ये क्विज भी करें— Quiz : 17 मार्च 2021 करेंट अफेयर्स क्विज