रूसी वैज्ञानिकों ने 13 मार्च, 2021 को बैकाल झील के नीचे टेलिस्कोप तैनात किया गया। वर्ष 2015 से गहरे पानी के टेलिस्कोप का निर्माण चल रहा था। इस टेलिस्कोप को न्यूट्रिनो नामक सबसे छोटे ज्ञात कणों के निरीक्षण के लिए डिजाइन किया गया है। इस टेलिस्कोप को “बैकाल-जीवीडी” नाम दिया गया है। यह बैकाल झील के किनारे से चार किलोमीटर की दूरी पर 750-1300 मीटर की गहराई तक डूबा हुआ है। बैकाल झील रूस के दक्षिणी साइबेरिया में स्थित है। यह झील उत्तर-पश्चिम में इरकुत्स्क ओब्लास्ट और दक्षिण-पूर्व में बुर्यात गणराज्य के बीच स्थित है। यह दुनिया भर में मात्रा के हिसाब से सबसे बड़ी ताजे पानी की झील है। इसमें विश्व की ताजा सतह के पानी का 22 से 23% शामिल है। इस झील में उत्तरी अमेरिका की ग्रेट लेक्स की तुलना में अधिक पानी है। यह झील 1,642 मीटर की अधिकतम गहराई के साथ विश्व की सबसे गहरी झील भी है। यह दुनिया की सबसे पुरानी झील भी है। सतह क्षेत्र के संबंध में, यह दुनिया भर में सातवीं सबसे बड़ी झील है। वर्ष 1996 में यूनेस्को द्वारा बैकाल झील को विश्व धरोहर स्थल के रूप में नामित किया गया था।
भारत और उज्बेकिस्तान की सेनाओं के बीच संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यास - डस्टलिक-II आज सम्पन्न हो गया। यह अभ्यास दस मार्च को शुरू हुआ था। इसके तहत शहरी क्षेत्रों में उग्रवाद और आतंकवाद से निपटने तथा हथियारों के कौशल के आदान-प्रदान के प्रशिक्षण पर ध्यान दिया गया। रक्षा मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि संयुक्त अभ्यास ने दोनों देशों की सेनाओं को पेशेवर और सामाजिक संबंध को बढ़ावा देने का अवसर दिया।
लोकसभा ने खदान और खनिज विकास तथा विनियमन संशोधन विधेयक, 2021 पारित कर दिया है। यह विधेयक खनिज विकास और विनियमन अधिनियम 1957 को संशोधित करने तथा कैप्टिव और मर्चेंट खदानों के बीच अंतर दूर करने के लिए लाया गया है। विधेयक में केंद्र सरकार को जिला खनिज प्रतिष्ठान के पास अनुरक्षित कोष के संघटन और उपयोग के बारे में निर्देश जारी करने का अधिकार दिया गया है। अब परमाणु खदानों को छोड़ कर अन्य कैप्टिव खदानें अन्य जरूरतें पूरी करने के बाद खुले बाजार में वार्षिक खनिज उत्पादन के 50 प्रतिशत तक बेचा जा सकेगा।
केन्द्रीय मंत्री डॉ0 जितेन्द्र सिंह ने आज सडक परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से चटरगला सुरंग के समय से पूरा होने के लिए बजट निर्धारित करने की मांग की। चटरगला सुरंग जम्मू कश्मीर में कठुआ और डोडा जिलों को जोडती है। छह किलोमीटर और आठ सौ मीटर लंबी सुरंग का सीमा सडक बल द्वारा सर्वेक्षण कराया जा चुका है।
रक्षा मंत्रालय ने आज भारतीय सेना के लिए 4960 मिलन-2टी एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइलों की आपूर्ति के लिए भारत डायनेमिक्स लिमिटेड के साथ एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। रक्षा क्षेत्र का सार्वजनिक उपक्रम एक हजार 188 करोड रूपये मूल्य वाली मिसाइल की आपूर्ति करेगा। इस समझौते पर भारत डाइनेमिक्स लिमिटेड के साथ पहले भी आठ मार्च 2016 को हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। इन मिसाइलों को जमीन के साथ-साथ वाहन लांचर से भी दागा जा सकता है। इसका निर्माण फ्रांस के लाइसेंस के तहत भारत डायनेमिक्स लिमिटेड द्वारा किया गया है।
लोकसभा ने अनुसूचित जातियों संबंधी संविधान आदेश संशोधन विधेयक, 2021 पारित कर दिया है। इस विधेयक में तमिलनाडु में अनुसूचित जातियों की सूची संशोधित करने का प्रावधान किया गया है। विधेयक में देवेंद्रकुल वेलालर के स्थान पर देवेंद्र कुलाथन समुदाय की प्रविष्टि की गई है, जिसमें देवेंद्र कुलाथन, कलाड़ी, कुडुम्बन, पल्लन, पन्नाडी और वथिरियन जातियां शामिल हैं। विधेयक पर बहस का जवाब देते हुए सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलौत ने कहा कि इस विधेयक में न तो किसी जाति को घटाने और न ही शामिल करने का प्रावधान किया गया है। केवल कुछ जातियों को पुनः समूहबद्ध किया गया है, ताकि इन समुदायों की आकांक्षाएं पूरी की जा सकें।
प्रधानमंत्री के प्रधान सलाहकार पी.के. सिन्हा ने हाल ही में अपने पद से इस्तिफा दे दिया हैं। ये 1977 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के उत्तर प्रदेश कैडर के पूर्व अधिकारी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में उन्होंने कैबिनेट सचिव के रूप में कार्य किया था।
महिला और बाल विकास मंत्रालय 16 मार्च से 31 मार्च, 2021 तक पोषण पखवाड़ा मना रहा है। महिला और बाल विकास विभाग या समाज कल्याण विभाग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पोषण पखवाड़ा के लिए नोडल विभाग है। इस पखवाड़ा के प्रमुख फोकस क्षेत्रों में खाद्य वानिकी का उपयोग करके पोषण संबंधी चुनौतियों का समाधान करना और पोषण पंचायतों को व्यवस्थित करना है। इसके तहत, आयुष मंत्रालय के तहत काम करने वाले राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड आंगनवाड़ी केंद्रों में से प्रत्येक को पोषण संबंधी समृद्ध पौधों के 4 नमूने वितरित करेंगे। यह पोषण संबंधी चुनौतियों का मुकाबला करने में सहायता करेगा। इसके वितरण की देखरेख स्थानीय पंचायत और डीएम या डीसी द्वारा की जाएगी। मंत्रालय कुपोषण के प्रसार और इसके परिणामों, खाद्य वानिकी, पोषण वाटिका, SAM बच्चों की पहचान और इसके प्रबंधन सहित विषयों पर जागरूकता अभियान भी आयोजित करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 8 मार्च, 2018 को पोषण अभियान शुरू किया गया था।
बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा है कि एक बेटी अदालत में अपने पिता की दूसरी शादी की वैधता पर सवाल उठा सकती है। बुधवार को सुनाए गए एक फैसले में, जस्टिस आरडी धानुका और वीजी बिष्ट की पीठ ने 66 साल की एक महिला द्वारा दायर की गई याचिका पर यह बात कही। फैसले के अनुसार, महिला ने अपने दिवंगत पिता के दूसरे विवाह की वैधता को चुनौती देते हुए 2016 में फैमिली कोर्ट में याचिका दायर की। दलील में, उसने कहा कि उसके पिता ने 2003 में अपनी मां की मृत्यु के बाद फिर विवाह किया था, लेकिन 2016 में उसके पिता की मृत्यु हो गई। 2016 में उसे पता चला कि उसके पिता की दूसरी पत्नी को उसकी पिछली शादी से तलाक को अंतिम रूप देना बाकी था। इसलिए उसके पिता की दूसरी शादी वैध नहीं मानी जा सकती थी। महिला ने यह बात अपनी याचिका में कही।
टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ जारी पांच मैचों की सीरीज के चौथे टी20 मुकाबले को 8 रनों से अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सीरीज में 2-2 की बराबर हासिल कर ली है। 186 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 177 रन ही बना सकी थी। सूर्यकुमार यादव ने अपनी डेब्यू इनिंग में 57 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि श्रेयस अय्यर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 37 रनों की आतिशी पारी खेली। इस मैच में सूर्यकुमार यादव को मैन आफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।