खेल की दुनिया में महिलाओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले कई वर्षों से महिला एथलीट इंटरनैशनल स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर भारत का मान—सम्मान बढ़ा रही हैं। हर साल 8 मार्च को विश्व महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस आर्टिकल में खेल जगत की उन 5 भारतीय महिला सितारों के बारे में जानेंगे जिन्होंने अपने खेल से देश का मान बढ़ाया है।
6 बार की वर्ल्ड चैंपियन भारतीय महिला बॉक्सर एमसी मैरीकॉम पिछले कई वर्षों से बॉक्सिंग की दुनिया में भारत का नाम रोशन कर रही हैं। इनका असली नाम चंग्नेइजैंग मैरी कॉम मैंगते हैं। ‘सुपरमॉम’ के नाम से फेमस मैरीकॉम 3 बच्चों की मां हैं। मैरी ओलिंपिक में पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला बॉक्सर हैं। मैरी कॉम एशियन वूमेंस बॉक्सिंग चैंपियनशिप में पांच स्वर्ण पदक जीतने में सफल रही हैं।
भारतीय मुक्केबाज़ को उनके पहले विश्व खिताब के बाद 2003 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया, 2009 में भारत सरकार ने मुक्केबाज़ी में मैरीकॉम की असाधारण उपलब्धियों के लिए देश में सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित किया।
मैरी कॉम 2006 में पद्मश्री से सम्मानित की जाने वाली एक अकेली खिलाड़ी थीं। साल 2013 में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया। भारत सरकार ने मणिपुर की दिग्गज को दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया।
इसके अलावा मैरी कॉम को 2016 में तत्कालीन भारतीय राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा भारतीय संसद की उच्च सदन यानी राज्यसभा में शामिल किया गया। उनके जीवन संघर्ष को एक बायोपिक ‘मैरी कॉम’ के ज़रिए भी दुनिया के सामने पेश किया गया, जिसने 2014 में सिल्वर स्क्रीन पर धूम मचा दी थी।
लेडी सचिन के नाम से मशहूर मिताली दोराई राज का जन्म हैदराबाद में हुआ था। ये दाएं हाथ से बल्लेबाजी एवं गेंदबाजी करती हैं। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 14 जनवरी 2002 को इंग्लैण्ड के विरूद्ध पदापर्ण किया था। वनडे क्रिकेट में 26 जून 1999 को आयरलैंड के खिलाफ पदापर्ण किया था। टी20 क्रिकेट में 5 अगस्त 2006 को इंग्लैण्ड के खिलाफ पदापर्ण किया था।
मिताली राज के नाम अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेट का दूसरा सर्वाधिक स्कोर है। यह कीर्तिमान उन्होंने 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए 214 रन बनाकर स्थापित किया। अंतरार्ष्ट्रीय महिला क्रिकेट का सर्वाधिक स्कोर (242 रन) पाकिस्तान की किरन बलूच के नाम है जो उन्होंने 2004 में वेस्ट इंडीज के खिलाफ खेलते हुए बनाया था। मिताली पहली महिला क्रिकेटर हैं जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय वनडे मैचों में लगातार सात बार अर्ध-शतक जड़े हैं। महिला एवं पुरुष, दोनों वर्गों के क्रिकेट में सिर्फ जावेद मियांदाद ही उनसे आगे हैं जिनके नाम लगातार नौ अर्ध-शतक जड़ने का ख़िताब है। वनडे में छह हजार या इससे अधिक रन बनाने वाली मिताली इकलौती महिला क्रिकेटर हैं।
शटलर पीवी सिंधु ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वाली भारत की एकमात्र महिला बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। सिंधू से पहले साइना नेहवाल ने ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। सिंधु और साइना को खेल रत्न से सम्मानित किया जा चुका है।
राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित महिला पहलवान विनेश फोगाट टोक्यो ओलिपिंक में भारत की ओर से पदक की मजबूत दावेदार हैं। विनेश ने हाल में अपनी कैटेगरी में नंबन वन रैंकिंग हासिल की है।
आर्चरी की दुनिया में गोल्डन क्वीन के नाम से फेमस दीपिका कुमारी वर्ल्ड रैंकिंग में नंबर वन रह चुकी हैं। वर्तमान में दीपिका की रैंकिंग पांचवीं है। दीपिका ने 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। वह अर्जुन और पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित हो चुकी हैं। दीपिका की नजर टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने पर लगी हुई है। साधारण परिवार से होने की वजह से शुरुआत में वह बांस के डंडों से धनुष और तीर बनाकर निशाना लगाती थीं। बाद में टाटा तीरंदाजी अकादमी में अपनी प्रतिभा को निखारने के बाद उन्होंने 2009 में कैडेट विश्व चैंपियनशिप जीती। उसी साल दीपिका ने अमेरिका के ओग्डेन में 11वीं युवा विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप भी अपने नाम किया था।
ये भी पढ़ें— IPL 2020: जानें किस खिलाड़ी को कौन सा अवार्ड मिला, MI और DC को कितना मिला ईनाम
ये भी पढ़ें— Contract Farming : नए जमाने की खेती, किसानों के लिए फायदा या नुकसान
ये भी पढ़ें— Pm Modi Award : पीएम मोदी को सैरावीक वैश्विक ऊर्जा और पर्यावरण नेतृत्व पुरस्कार, जानें विस्तार से
ये भी पढ़ें— JUVENILE : किशोर न्याय अधिनियम 2015 के बारे में विस्तार से, केन्द्र सरकार का संशोधन
ये भी पढ़ें— Quiz : 8 मार्च 2021 करेंट अफेयर्स क्विज
ये भी पढ़ें— ISHAN KISHAN : विजय हजारे ट्रॉफी में ऐतिहासिक जीत, जानें कौन से बने रिकार्ड