भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण यानि Archeological Survey of India ने झारखंड की सीतागढ़ी हिल्स के जुलजुल पहाड़ के पास एक टीले के नीचे दफन बौद्ध मठ की खोज की है, जिसे कम-से-कम 900 वर्ष पुराना माना जा रहा है। इस स्थल के नज़दीक पहले भी एक प्राचीन बौद्ध स्थल इसी तरह के टीले के नीचे दफन पाया गया। बौद्ध धर्म से संबंधित वज्रयान का अर्थ है "वज्र का वाहन", जिसे तांत्रिक बौद्ध धर्म के नाम से भी जाना जाता है। यह बौद्ध शाखा भारत में लगभग 900 ई. में विकसित हुई। यह गूढ़ तत्त्वों पर आधारित है और बाकी बौद्ध शाखाओं की तुलना में एक बहुत जटिल क्रिया पद्धति पर आधारित है। महात्मा बुद्ध को भारत सहित विश्व में बौद्ध धर्म का संस्थापक माना जाता है।
27 फरवरी, 2021 को संत गुरु रविदास की 644वीं जयंती मनाई गई। गुरु रविदास को रैदास और रोहिदास के नाम से भी जाना जाता है। गुरु रविदास 14वीं सदी के संत तथा उत्तर भारत में भक्ति आंदोलन से संबंधित प्रमुख सुधारकों में से एक थे। हिंदू चंद्र कैलेंडर के अनुसार, माघ माह में पूर्णिमा के दिन रविदास जयंती मनाई जाती है। माना जाता है कि गुरु रविदास का जन्म वाराणसी (उत्तर प्रदेश) में एक मोची परिवार में हुआ था। ईश्वर के प्रति उनकी आस्था और निष्पक्ष धार्मिक कविताओं के कारण उन्हें प्रमुखता मिली। उन्होंने अपना पूरा जीवन जाति व्यवस्था के उन्मूलन के लिये समर्पित कर दिया और ब्राह्मणवादी समाज की धारणा का खुले तौर पर विरोध किया। उनके भक्ति गीतों ने भक्ति आंदोलन पर त्वरित प्रभाव डाला और उनकी लगभग 41 कविताओं को सिखों के धार्मिक ग्रंथ ‘गुरु ग्रंथ साहिब’ में शामिल किया गया है, जिन्हें 5वें सिख गुरु अर्जुन देव द्वारा संकलित किया गया था।
भारत निर्वाचन आयोग ने 26 फरवरी, 2021 को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश - असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी के लिए विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी। भारत के इन सभी पांच राज्यों/ केंद्रशासित प्रदेशों के विधानसभा चुनाव परिणाम 2 मई को घोषित किए जाएंगे। केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में एकल-चरण में मतदान होगा, जबकि असम में तीन चरण और पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में ये चुनाव संपन्न होंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने मीडिया को संबोधित करते हुए यह कहा कि, "कोविड -19 की चुनौतियों के बीच, हम आशा और सकारात्मकता से भरी कहानियों में अपार सुकून पाएंगे जो कोविड के बाद की दुनिया-भर में सामने आ रही हैं। उन्होंने सभी कोविड योद्धा, डॉक्टर, पैरामेडिक्स, नर्स, शोधकर्ता, वैज्ञानिक और चुनाव ड्यूटी पर मौजूद ऐसे सभी अधिकारियों को भी धन्यवाद दिया जो फ्रंटलाइन पर स्थित है। सीईसी ने आगे राष्ट्रीय मतदाता दिवस, 2021 के विषय "हमारे मतदाताओं को सुरक्षित, सूचित और सतर्क बनाना." की भी घोषणा की।
'न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड (एनसिल) और इसरो को प्रथम समर्पित वाणिज्यिक मिशन पीएसएलवी (ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान) सी-51 के जरिए ब्राजील के अमेजोनिया-1 के सफल प्रक्षेपण किया गया। अमेजोनिया—1 के साथ 18 अन्य उपग्रहों का सफल प्रक्षेपण हुआ है, उनमें चार उपग्रह इसरो के भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन एवं प्राधिकरण केंद्र के हैं, जो देश के युवाओं के नवोन्मेष और जोश को प्रदर्शित करते हैं। ब्राजील के अमेजोनिया-1 और 18 अन्य उपग्रहों का श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से सफल प्रक्षेपण किया गया। यह इसरो का वर्ष 2021 का पहला अभियान है। पीएसएलवी-सी51, सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के प्रथम प्रक्षेपण स्थल से पूर्वाह्न करीब 10 बजकर 24 मिनट पर रवाना हुआ और उसने सबसे पहले तथा करीब 17 मिनट बाद प्राथमिक पेलोड अमेजोनिया-1 को कक्षा में स्थापित किया। न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड, इसरो की वाणिज्यिक इकाई है। पीएसएलवी सी51/अमेजोनिया-1 एनसिल का प्रथम समर्पित वाणिज्यिक मिशन है।
भारतीय तटरक्षक बल द्वारा 01 फरवरी, 2021 को अपना 45वाँ स्थापना दिवस मनाया गया। वर्ष 1978 में 7 ज़मीनी प्लेटफार्मों के साथ एक साधारण शुरुआत से लेकर वर्तमान में भारतीय तटरक्षक बल के बेड़े में कुल 156 जहाज़ और 62 विमान शामिल हैं तथा अनुमान के मुताबिक, वर्ष 2025 तक इसके बेड़े में 200 ज़मीनी प्लेटफॉर्म और 80 विमान शामिल होने की संभावना है। विश्व में चौथे सबसे बड़े तटरक्षक बल के रूप में भारतीय तटरक्षक बल ने भारतीय तट की सुरक्षा और भारत के समुद्री क्षेत्रों में नियमों को लागू करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसका आदर्श वाक्य ‘वयम रक्षाम’ का अर्थ ‘हम रक्षा करते हैं।’ भारतीय तटरक्षक बल ने 1977 में स्थापना के बाद से 10,000 से अधिक लोगों की जान बचाने के साथ ही लगभग 14,000 असामाजिक तत्त्वों को गिरफ्त में लिया है। संगठन का नेतृत्त्व महानिदेशक भारतीय तटरक्षक बल द्वारा किया जाता है और इसका मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है। भारतीय तटरक्षक बल जहाज़ों पर परिचालन भूमिका में महिला अधिकारियों की नियुक्ति करने वाला देश का पहला बल है। वर्तमान में के. नटराजन भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक हैं।
मुंबई पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों अथवा ऐसे लोगों, जो भविष्य में कानून-व्यवस्था पर संकट उत्पन्न कर सकते हैं, को नियंत्रित करने के लिये ‘टॉप 25’ नाम से एक अभियान शुरू किया है। मुंबई पुलिस ने शहर के 95 पुलिस स्टेशनों को अपने क्षेत्राधिकार में शीर्ष 25 आपराधिक तत्त्वों की एक सूची बनाने का आदेश दिया है, इसके बाद इन लोगों से ‘अच्छे व्यवहार’ संबंधी एक बाॅण्ड हस्ताक्षित कराने को कहा गया है, इस कार्य में विफल रहने पर उन्हें जुर्माना देना पड़ेगा। इस अभियान का उद्देश्य शहर में आपराधिक तत्त्वों पर लगाम लगाना और कानून व्यवस्था को बनाए रखना है।
वित्त मंत्रालय सरकारी क्षेत्र की साधारण बीमा कंपनियों को 3000 करोड़ रुपए की पूंजी प्रदान करेगा ताकि उनकी माली हालत में सुधार हो सके। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पिछले साल सार्वजनिक बीमा कंपनियों नेशनल इंश्योरेंस, ओरिएंटल इंश्योरेंस और यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस को पूंजीगत सहायता देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की अधिकृत पूंजी बढ़ाकर 7500 करोड़ रुपए करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी थी। इसके साथ ही यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड और ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड दोनों की अधिकृत पूंजी भी बढ़ा कर 5000-5000 करोड़ रुपये करने का निर्णय किया गया था। अतिरिक्त पूंजी मिलने से राष्ट्रीयकृत साधारण बीमा कंपनियों की ऋण-शोधन क्षमता मजबूत होगी और वे अर्थव्यवस्था में बीमा की जरूरतों को अच्छे ढंग से पूरा कर सकेंगी।
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली है। विराट कोहली के इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स की संख्या 100 मिलियन (10 करोड़) पहुंच गई है। ऐसा करने वाले वे दुनिया के पहले क्रिकेटर हैं। 10 करोड़ का आंकड़ा छूते ही विराट कोहली अब फुटबॉल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो, लियोनेल मेसी और नेमार के एलीट क्लब में शामिल हो गए हैं। भारत में विराट कोहली के बाद 6 करोड़ फॉलोअर्स के साथ अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा दूसरे स्थान पर हैं। इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले टॉप 50 की सूची में विराट कोहली एकमात्र भारतीय शख्स हैं। इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वालों की लिस्ट में विराट कोहली 23वें स्थान पर हैं। विराट कोहली क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी-20) में ICC रैंकिंग में टॉप-10 बल्लेबाजों में शामिल हैं। वे वनडे में टॉप पर हैं, जबकि टेस्ट में 5वें स्थान और टी-20 में 7वें स्थान पर काबिज हैं। उन्होंने 251 वनडे में 59.31 की औसत से 12,040 रन बनाए हैं। जबकि 90 टेस्ट मैचों मे 7,490 रन बना चुके हैं। वे 85 टी-20 में 2,928 रन बना चुके हैं।
हाल ही में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण द्वारा नोएडा (उत्तर प्रदेश) में सरस आजीविका मेला-2021 का उद्घाटन किया गया। इसका आयोजन 26 फरवरी से 14 मार्च 2021 के बीच ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है। इस मेले में 27 राज्यों से 300 से अधिक स्वयं सहायता समूह और हस्तशिल्पी भाग ले रहे हैं। इस मेले में लगभग 150 स्टॉल और 15 खानपान के स्टॉल लगाए गए हैं तथा 60 से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस मेले के दौरान उत्पादों की पैकेजिंग, डिज़ाइन, संचार संबंधी कौशल, सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार और ‘बिज़नेस-टू-बिज़नेस’ विपणन संबंधी प्रशिक्षण हेतु कार्यशाला का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें ग्रामीण स्वयं सहायता समूहों और हस्तशिल्पियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इस मेले का उद्देश्य इसमें शामिल विक्रेताओं को बड़ी संख्या में लोगों के समक्ष अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है।
मध्य प्रदेश के भिंड में स्थित पुलिस मुख्यालय में डाकुओं पर एक अनूठा संग्रहालय स्थापित किया जाएगा। मध्य प्रदेश के इस संग्रहालय में कई अनोखी वस्तुओं का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें फूलन देवी और निर्भय गुज्जर आदि से संबंधित वस्तुएँ शामिल हैं। इस संग्रहालय का उद्देश्य डाकुओं का सम्मान करना अथवा उनकी प्रशंसा करना नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य डाकुओं के अपराधों को प्रमुखता से प्रदर्शित करना और अपराधों को रोकने के लिये पुलिस द्वारा किये गए बलिदानों को उजागर करना है। इस संग्रहालय में कुख्यात डाकुओं द्वारा की गई हत्याओं, लूट और अपहरण के मामलों में पिछले पाँच दशकों में पुलिस द्वारा एकत्र किये गए कम-से-कम 2,000 डिजिटल रिकॉर्ड और सामग्री को संकलित किया जाएगा।
फरवरी माह का यह विशेषांक क्विज अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य, आर्थिक, सीमा क्षेत्र, खेल सहित सभी आवश्यक विषयों पर आधारित है। यह आपकी परीक्षाओं के लिए काफी मददगार हैं।