भारत और वियतनाम के बीच नौसैनिक सहयोग को बढावा देने के प्रयासों के तहत दक्षिण चीन सागर में दोनों देशों का दो दिवसीय समुद्री मार्ग अभ्यास PASSEX सम्पन्न हो गया है। भारतीय नौसेना का जहाज किल्टन मानवीय सहायता के रूप में बाढ प्रभावित लोगों के लिए पंद्रह टन राहत सामग्री लेकर वियतनाम में हो ची मिन्ह शहर के न्हा रोंग बंदरगाह पहुंचा। यह सहायता मिशन सागर- तृतीय के तहत दी गयी। इस मिशन के तहत भारत कोविड-19 महामारी के दौरान मित्र देशों को मानवीय और आपदा राहत सहायता देता रहा है।
वर्तमान राज्यसभा सांसद और पूर्व आईएएस अधिकारी आर सी पी सिंह को जनता दल यूनाइटेड का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध चुन लिया गया। निवर्तमान अध्यक्ष नीतीश कुमार ने अध्यक्ष पद के लिए श्री सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा जिसका पार्टी की कार्यकारी समिति के सदस्यों ने समर्थन किया। अध्यक्ष चुने जाने के पहले ये पार्टी के महासचिव थे। ये उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी रहें है। नीतीश कुमार की पहली सरकार में ये बिहार के पहले मुख्य सचिव थे।
खेल मंत्रालय ने देश में खेल कार्यक्रमों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया-एसओपी जारी की है। इसमें कहा गया है कि सभी एथलीटों और सहायक कर्मियों का मार्गदर्शन और निगरानी करने के लिए आयोजन समिति प्रत्येक खेल प्रतियोगिता के लिए कोविड कार्य बल का गठन करेगी। यह कार्य बल समय-समय पर गृह मंत्रालय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से जारी एसओपी और अन्य दिशा-निर्देशों के प्रोटोकॉल के कार्यान्वयन के लिए जिम्मेदार होगा। खेल मंत्रालय के अनुसार, आउटडोर खेलों के लिए, स्टेडियम की कुल क्षमता के अधिकतम 50 प्रतिशत दर्शकों को ही अनुमति होगी। प्रवेश और निकास और बैठने के क्षेत्र में भीड़ का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की योजना है। व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों जैसे फेस कवर, मास्क, फेस शील्ड, पीपीई, और अन्य सामान जैसे सेनिटाइजर, साबुन की उचित व्यवस्था आयोजन समिति करेगी।
भारत ने तटीय क्षेत्र की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय स्तर के अभियान के तहत अपने सभी समुद्र तटों पर आज आठ नीले झंडे फहराए। पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने इस अवसर पर कहा कि भारत एक ही प्रयास में आठ समुद्री तटों के लिए ब्लू फ्लैग सर्टिफिकेशन प्राप्त करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज दिल्ली मेट्रो की मेजेंटा लाइन पर ड्राइवर के बिना चलने वाली देश की पहली रेलगाड़ी का उद्घाटन किया। इस अनूठी पहल से आरामदायक यात्रा और लोगों की सुगम आवागमन के एक नये युग की शुरूआत होगी। दिल्ली मेट्रो वर्तमान में 285 स्टेशनों के साथ लगभग 390 किलोमीटर के नेटवर्क का परिचालन करती है।
केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने कोरोना महामारी को देखते हुए सड़क यातायात के लिए जरूरी कागजात जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण और अन्य अनुमतियों की अवधि 31 मार्च 2021 तक बढ़ा दी है। मंत्रालय ने इससे पहले भी मोटर वाहन अधिनियम 1988 और केन्द्रीय मोटर वाहन नियमावली 1989 से संबंधित सभी दस्तावेजों की अवधि इस वर्ष 30 मार्च, नौ जून और 24 अगस्त को भी बढ़ाई थी। इसमें वे सभी दस्तावेज शामिल होंगे जिनकी मान्यता अवधि एक फरवरी 2020 से लेकर 31 मार्च 2021 तक समाप्त होगी।
निमोनिया से बच्चों को बचाने के लिए पहली 'मेड इन इंडिया' वैक्सीन 'न्यूमोसिल' आ गई है। इस वैक्सीन को सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया ने बनाया है और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने आज एक कार्यक्रम के दौरान इसे लॉन्च किया।
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के स्कूली पाठ्यक्रम में सिख गुरूओं के इतिहास को शामिल करने का निर्णय लिया है। मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह भी घोषणा की है कि राज्य के सभी स्कूलों में हर वर्ष 27 दिसंबर का दिन साहिबज़ादा दिवस के रूप में मनाया जाएगा।'साहिबज़ादा दिवस' के अवसर पर अपने आवास पर आयोजित हुए गुरूबाणी कीर्तन में मुख्यमंत्री ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'साहिबज़ादा दिवस' सिख गुरू गोबिन्द सिंह के चार 'साहिबज़ादों' और उनकी माता गुजरी के बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है। यह दिन मातृभूमि, देश और धर्म के लिए बलिदान देने वाले गुरू गोबिन्द सिंह के पुत्रों और माता के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का दिन है। सिख गुरूओं ने हिन्दू धर्म की रक्षा करने के लिए अपना बलिदान दिया। यह देश उनके इस योगदान को हमेशा याद रखेगा।
भारत के थलसेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे सोमवार को तीन दिन की दक्षिण कोरिया की यात्रा पर रवाना हो गए। अपनी इस यात्रा के दौरान वह द्विपक्षीय सैन्य सहयोग का विस्तार करने के तरीकों पर कोरियाई देश के शीर्ष रक्षा अधिकारियों से वार्ता करेंगे। दक्षिण कोरिया भारत को सैन्य सामान और हथियारों की आपूर्ति करने वाला एक प्रमुख देश है। सेना प्रमुख करीब दो हफ्ते पहले संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब की छह दिवसीय अहम यात्रा पर गए थे। उनकी यह यात्रा खाड़ी के दो प्रभावशाली देशों के साथ भारत के बढ़ते रणनीतिक संबंधों को दिखाती है। दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में जनरल नरवणे का देश के रक्षा मंत्री, सेना प्रमुख और ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ से मिलने का कार्यक्रम है। जनरल नरवणे दक्षिण कोरिया के रक्षा खरीद योजना प्रशासन (डीएपीए) मंत्री से भी मिलेंगे।
पटना में प्रतिष्ठित बुद्ध स्मृति पार्क को डिजाइन करने वाले प्रख्यात वास्तुकार विक्रम लाल का ब्रसेल्स में निधन हो गया है। बौद्ध वास्तुकला के लेखक और विद्वान लाल दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर को डिजाइन करने वाली टीम का हिस्सा थे और भारतीय शास्त्रीय संगीत के जानकार भी थे।
TheEdusarthi.com टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं। Subscribe to Notifications