भगवान राम और माता सीता की नगरी अयोध्या के विकास के लिए यूपी सरकार हरसंभव प्रयास कर रहीं है इसी कड़ी में नई अयोध्या के विकास का नया डिजाइन/प्रारूप तैयार किया गया है। इस डिजाइन के अनुसार नई अयोध्या धनुष के आकार की होगी। इसे धनुषाकार यानी करमुखा पद्धति से डिजाइन किया गया है। कई विशेषज्ञ इंजीनियरों व वास्तुविदों ने मिलकर इसे तैयार किया है। इससे न सिर्फ अयोध्या बेहद खूबसूरत दिखेगी बल्कि राम मंदिर की छठा में भी चार चांद लग जाएंगे। सड़कें ऐसी दिखेंगी जैसे मंदिर से सूर्य की किरणें निकल रही हों।
नई अयोध्या को विश्व के सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों के केंद्र के रूप में भी स्थापित करने की योजना है। इसमें स्मार्ट सिटी व वैदिकता का समावेश भी किया गया है। ले आउट बनाने से पहले आवास विकास के विशेषज्ञ इंजीनियरों व वास्तुविदों ने प्राचीन वैदिक नगरों के निर्माण व विकास में प्रयुक्त आठ विधाओं का परीक्षण किया।
मंथन के बाद धनुषाकार यानी करमुखा पद्धति से लेआउट तैयार किया गया है। राम मंदिर से नई अयोध्या की दूरी चार किलोमीटर है लेकिन इस पद्धति की डिजाइनिंग से राम मंदिर के पास से जो सड़कें निकलेंगी वह ऐसे दिखेंगी जैसे मंदिर से सूर्य की किरणें निकल कर बिखर रही हों। सड़कों के रूप में यह किरणें लंबी दूरी तक दिखाई देंगी।
भगवान राम की प्रतिमा के नजदीक से लेकर नई अयोध्या के आखिरी छोर तक सड़कें सूर्य की किरणों की तरह ही नज़र आएंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने इसका प्रजेंटेशन हो चुका है। इसे तैयार करने के लिए विश्व के धार्मिक संस्थानों के पक्ष—विपक्ष का अध्ययन किया गया है।
अयोध्या, सरयू नदी के तट पर बसी एक धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगरी है। यह भारत की सर्वाधिक जनसंख्या एवं सर्वाधिक विधानसभा सीटों वाले राज्य उत्तर प्रदेश में स्थित है। अयोध्या का प्राचीन नाम साकेत है, तथा यह प्रभु श्री राम की पावन जन्मस्थली के रूप में हिन्दू धर्मावलम्बियों के आस्था का केंद्र है। अयोध्या प्राचीन समय में कोसल राज्य की राजधानी एवं प्रसिद्ध महाकाव्य रामायण की पृष्ठभूमि का केंद्र थी। भगवान श्री राम की जन्मस्थली होने के कारण अयोध्या को मोक्षदायिनी एवं हिन्दुओं की प्रमुख तीर्थस्थली के रूप में माना जाता है |
इसका क्षेत्रफल 2,522 वर्ग किलोमीटर है। एवं कुल जनसंख्या 24,70,996 है। जिसमें पुरुष जनसंख्या 12,59,628 एवं महिला जनसंख्या 12,11,368 है। यहां अवधी भाषा बोली जाती है। अयोध्या में गाँवों की संख्या 1,272 है। अयोध्या में 1 लोकसभा सीट एवं 5 विधानसभा सीटें है। उत्तर प्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल है। अनुज कुमार झा अयोध्या के वर्तमान जिला मजिस्ट्रेट है।