देशभर में लॉकडाउन बढ़ने की चल रही चर्चाओं के बीच ओडिशा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य की नवीन पटनायक सरकार ने लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने का फैसला किया है। ओडिशा सरकार ने राज्य में 30 अप्रैल तक के लिए लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा की है। ऐसा करने वाला ओडिशा देश का पहला राज्य बन गया है। ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने इस फैसले के बारे में जानकारी दी है। इसके साथ ही राज्य सरकार ने केंद्र से इस अवधि के दौरान ट्रेन और विमान सेवाएं नहीं शुरू करने की अपील की है। ओडिशा सरकार ने राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों को 17 जून तक के लिए बंद करने का फैसला किया है। इस दौरान स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटीज बंद रहेंगी।
अभी देश में 14 अप्रैल तक लॉकडाउन
देश में 14 अप्रैल, 2020 तक के लिए लॉकडाउन की घोषणा की गई है। इसके साथ ही ट्रेन सेवाएं भी पूरी तरह से बंद हैं। सिर्फ मालगाड़ियों के जरिए जरूरी चीजों की ढुलाई की जा रही है। इससे पहले कुछ राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने पीएम नरेंद्र मोदी से चर्चा के दौरान लॉकडाउन बढ़ाने का सुझाव दिया था।