अमेरिका के अलबामा राज्य के बर्मिंघम शहर में आयोजित किये जाने वाले 2021 वर्ल्ड गेम्स को अब 2022 तक स्थगित कर दिया गया है। टोक्यो ओलंपिक के साथ टकराव से बचने के लिए इस स्थगन की घोषणा की गई है। बता दें कि कोरोनोवायरस महामारी के कारण टोक्यो ओलिंपिक खेलों को 2021 के लिए स्थगित कर दिया गया है। वर्ल्ड गेम्स हर चार वर्ष में आयोजित की जाती है। इसमें वे 32 खेल शामिल किये जाते हैं, जो ओलंपिक में शामिल नहीं होते हैं।
अब 2025 में चेंगदू में होगा आयोजन
वर्ल्ड गेम्स में 100 देशों के 3,600 एथलीट हिस्सा लेंगे। इसमें बोलिंग, मार्शल आर्ट, स्क्वैश, व्हीलचेयर रग्बी, बिलियर्ड्स आदि जैसे खेल शामिल हैं। पहली बार वर्ल्ड गेम्स का आयोजन 1981 में हुआ था। यह एक अंतरराष्ट्रीय बहु-खेल प्रतियोगिता है। इन खेलों की खासियत यह है कि इसमें ओलंपिक खेलों में शामिल किसी भी खेल को शामिल नहीं किया जाता है। 2022 के बाद 2025 में इन खेलों का आयोजन चेंगदू में किया जाएगा। अब तक अफ्रीकी देशों में वर्ल्ड गेम्स का आयोजन नहीं हुआ है। यहां तक कि अमेरिका में यह केवल 1981 में आयोजित किया गया था। यह खेल मुख्य रूप से यूरोपीय देशों में आयोजित किए जाते हैं।