दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश अब भारत बन गया है। भारतीय अर्थव्यवस्था ने साल 2019 में ब्रिटेन और फ्रांस को पीछे छोड़ दिया है। यह जानकारी अमेरिका के रिसर्च इंस्टीट्यूट वर्ल्ड पॉपुलेशन रिव्यू ने एक रिपोर्ट से दी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत अब एक ओपन मार्केट वाली अर्थव्यवस्था के रूप में विकसित हो रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक भारत की जीडीपी पिछले साल 2.94 लाख करोड़ डॉलर (209 लाख करोड़ रुपए) के स्तर पर पहुंच गई है। रिपोर्ट के अनुसार भारत का सर्विस सेक्टर दुनिया के तेजी से बढ़ते सेक्टर में से एक है। देश की इकोनॉमी में इसका 60 प्रतिशत और रोजगार में 28 प्रतिशत योगदान है। विनिर्माण और कृषि (मैन्युफैक्चरिंग और एग्रीकल्चर) भी भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण सेक्टर हैं। वहीं, वर्ल्ड पॉपुलेशन रिव्यू के अनुसार चालू वित्त वर्ष (2019-20) में भारत की जीडीपी ग्रोथ 5 प्रतिशत रहने की अनुमान है। यह ग्यारह साल में सबसे कम होगी।
2.83 ट्रिलियन डॉलर है ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था
इस समय ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था 2.83 ट्रिलियन डॉलर है और फ्रांस की 2.7 ट्रिलियन डॉलर है। वहीं, भारत से 2.94 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के साथ इन दोनों देशों (ब्रिटेन और फ्रांस) को पीछे छोड़ दिया है। क्रय शक्ति समानता (पीपीपी) के आधार पर भारत का जीडीपी 10.51 ट्रिलियन डॉलर है और यह जापान तथा जर्मनी से आगे है। भारत सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के मामले में 2,940 अरब डॉलर के साथ दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है।