ऑनलाइन पेमेंट प्रोसेसर वर्ल्डलाइन इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार बेंगलुरु में 2019 में सबसे ज्यादा डिजिटल लेनदेन किया गया। बेंगलुरु के बाद चेन्नई, मुंबई और पुणे का स्थान है। रिपोर्ट में यह भी पता चला है कि यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) भुगतान का सबसे पसंदीदा तरीका है। इसके बाद डेबिट कार्ड और तत्काल भुगतान सेवा (IMPS) का उपयोग काफी प्रचलित है। मालूम हो कि UPI 2016 में नोटबंदी से पहले लॉन्च किया गया था। यह उपयोगकर्ताओं को बैंक विवरण दर्ज किए बिना किसी भी खाते में अपने खाते से पैसे भेजने में सक्षम बनाता है। UPI में लेनदेन Email Id और QR कोड का उपयोग कर किया जाता है। UPI के लॉन्च के पीछे मुख्य उद्देश्य डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देना था।